Bhagavad Geeta Adhyay 12 (Bhakti Yoga) : श्रीमद्भगवद्गीता - अध्याय 12 (भक्ति योग)

भगवद्गीता अध्याय 12: भक्ति योग – 20 श्लोक, संस्कृत और सरल हिंदी अर्थ

Bhagavad Gita Chapter 12 | Gita Adhyay 12 | Bhakti Yoga | 20 Shlokas in Sanskrit with Hindi Meaning

Bhagavad Gita Chapter 12 | Gita Adhyay 12 | Bhakti Yoga | 20 Shlokas in Sanskrit with Hindi Meaning

भगवद्गीता अध्याय 12: भक्ति योग का परिचय

श्रीमद्भगवद्गीता का बारहवाँ अध्याय “भक्ति योग” कहलाता है और इसमें कुल 20 श्लोक हैं। इस अध्याय में अर्जुन भगवान श्रीकृष्ण से पूछते हैं कि साकार रूप में भगवान की भक्ति करने वाले और निराकार, अव्यक्त ब्रह्म की उपासना करने वाले साधकों में कौन श्रेष्ठ है।

भगवान श्रीकृष्ण इस प्रश्न का उत्तर देते हुए भक्ति योग की महत्ता बताते हैं। वे बताते हैं कि जो भक्त अपने मन और बुद्धि को भगवान में लगाकर श्रद्धा और प्रेम से उनकी उपासना करते हैं, वे उन्हें अत्यंत प्रिय हैं।

अध्याय 12 में भगवान साधना के कई मार्गों को क्रमबद्ध रूप से बताते हैं, मन को भगवान में लगाना, अभ्यास करना, भगवान के लिए कर्म करना और अंततः कर्मों के फल का त्याग करना।

इसके बाद श्रीकृष्ण उस भक्त के गुण बताते हैं जो उन्हें प्रिय है। इनमें अद्वेष्टा, मैत्री, करुणा, श्रद्धा, अहंकाररहितता, क्षमा, संतोष, समभाव, अनासक्ति और दृढ़ भक्ति जैसे गुण प्रमुख हैं।

भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के विभिन्न अध्यायों में सगुण-साकार ईश्वर की भक्ति और निर्गुण-अव्यक्त ब्रह्म की साधना, दोनों का उल्लेख किया है। 

गीता के दूसरे अध्‍याय से लेकर छठे अध्‍याय तक भगवान श्रीकृष्ण ने जगह-जगह निर्गुण ब्रह्म की और सगुण परमेश्वर की उपासना की प्रशंसा की है. सातवें अध्‍याय से 11वें अध्‍याय तक तो विशेष रूप से सगुण भगवान की उपासना का महत्त्व दिखलाया है. इसी के साथ पांचवे अध्‍याय में 17वें से 26वें श्लोक तक, छठे अध्‍याय में 24वें से 29वें तक, आठवें अध्‍याय में 11वें से 13वें तक तथा इसके सिवा और भी कितनी ही जगह निर्गुण की उपासना का महत्त्व भी दिखलाया है.

आखिर 11वें अध्‍याय के अंत में सगुण-साकार भगवान की अनन्‍य भक्ति का फल भगवत्‍प्राप्ति बतलाकर ‘मत्‍कर्मकृत्’ से आरंभ होने वाले इस अंतिम श्लोक में सगुण-साकार-स्‍वरूप भगवान के भक्त की विशेष-रूप से प्रशंसा की। ग्यारहवें अध्याय में अर्जुन ने भगवान के विराट विश्वरूप का दर्शन किया और अंत में भगवान ने अनन्य भक्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस पर अर्जुन के मन में यह जिज्ञासा हुई कि निर्गुण-निराकर ब्रह्म की और सगुण-साकार भगवान की उपासना करने वाले दोनों प्रकार के उपासकों में उत्तम उपासक कौन हैं? सगुण भगवान की भक्ति करने वाले और अव्यक्त अक्षर ब्रह्म की उपासना करने वाले साधकों में कौन श्रेष्ठ है? अध्याय 12 अर्जुन के इसी प्रश्न से शुरू होता है।


भगवद्गीता अध्याय 12 — Quick Facts

तथ्यविवरण
अध्याय संख्या12वाँ अध्याय
अध्याय का नामभक्ति योग
संस्कृत नामभक्तियोग
English NameBhakti Yoga
कुल श्लोक20
मुख्य पात्रश्रीकृष्ण और अर्जुन
मुख्य विषयभक्ति और ईश्वर-प्राप्ति
अर्जुन का मुख्य प्रश्नसाकार भगवान की भक्ति और अव्यक्त ब्रह्म की उपासना में कौन श्रेष्ठ है?
प्रमुख साधनभक्ति, अभ्यास, भगवान के लिए कर्म और कर्मफल-त्याग
प्रिय भक्त के गुणमैत्री, करुणा, क्षमा, संतोष, समभाव और अनासक्ति
अंतिम श्लोक12.20
मुख्य संदेशश्रद्धा, भक्ति, समर्पण और कर्मफल-त्याग से आध्यात्मिक शांति की ओर बढ़ना

अर्जुन का प्रश्न: सगुण भक्ति या निर्गुण उपासना?

गीता के पिछले अध्यायों में भगवान श्रीकृष्ण ने परमात्मा के विभिन्न स्वरूपों और साधना के अलग-अलग मार्गों की चर्चा की है। ग्यारहवें अध्याय में अर्जुन ने भगवान के विराट विश्वरूप का दर्शन किया और अध्याय के अंत में भगवान ने अनन्य भक्ति को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इसी पृष्ठभूमि में अर्जुन के मन में प्रश्न उठता है कि साकार भगवान की भक्ति करने वाले और अव्यक्त, अक्षर ब्रह्म की उपासना करने वाले साधकों में कौन श्रेष्ठ है?

अध्याय 12 की शुरुआत इसी प्रश्न से होती है।


भगवद्गीता - द्वादश अध्याय के 20 संस्कृत श्लोक (Gita 12 Bhakti Yoga) | Bhagwat Geeta Adhyay 12 Shlok in Sanskrit

अर्जुन उवाच

एवं सततयुक्ता ये भक्तास्त्वां पर्युपासते।
ये चाप्यक्षरमव्यक्तं तेषां के योगवित्तमाः॥१॥

श्रीभगवानुवाच

मय्यावेश्य मनो ये मां नित्ययुक्ता उपासते। 
श्रद्धया परयोपेताः ते मे युक्ततमा मताः॥२॥ 

ये त्वक्षरमनिर्देश्यमव्यक्तं पर्युपासते। 
सर्वत्रगमचिन्त्यञ्च कूटस्थमचलन्ध्रुवम्॥३॥

सन्नियम्येन्द्रियग्रामं सर्वत्र समबुद्धयः। 
ते प्राप्नुवन्ति मामेव सर्वभूतहिते रताः॥४॥ 

क्लेशोऽधिकतरस्तेषामव्यक्तासक्तचेतसाम्। 
अव्यक्ता हि गतिर्दुःखं देहवद्भिरवाप्यते॥५॥

ये तु सर्वाणि कर्माणि मयि संन्यस्य मत्पराः। 
अनन्येनैव योगेन मां ध्यायन्त उपासते॥६॥ 

तेषामहं समुद्धर्ता मृत्युसंसारसागरात्। 
भवामि नचिरात्पार्थ मय्यावेशितचेतसाम्॥७॥

मय्येव मन आधत्स्व मयि बुद्धिं निवेशय। 
निवसिष्यसि मय्येव अत ऊर्ध्वं न संशयः॥८॥ 

अथ चित्तं समाधातुं न शक्नोषि मयि स्थिरम्। 
अभ्यासयोगेन ततो मामिच्छाप्तुं धनञ्जय॥९॥

अभ्यासेऽप्यसमर्थोऽसि मत्कर्मपरमो भव। 
मदर्थमपि कर्माणि कुर्वन्सिद्धिमवाप्स्यसि॥१०॥ 

अथैतदप्यशक्तोऽसि कर्तुं मद्योगमाश्रितः। 
सर्वकर्मफलत्यागं ततः कुरु यतात्मवान्॥११॥

श्रेयो हि ज्ञानमभ्यासाज्ज्ञानाद्ध्यानं विशिष्यते। 
ध्यानात्कर्मफलत्यागस्त्यागाच्छान्तिरनन्तरम्॥१२॥

अर्जुन उवाच

अद्वेष्टा सर्वभूतानां मैत्रः करुण एव च। 
निर्ममो निरहङ्कारः समदुःखसुखः क्षमी॥१३॥ 

सन्तुष्टः सततं योगी यतात्मा दृढनिश्चयः। 
मय्यर्पितमनोबुद्धिर्यो मद्भक्तः स मे प्रियः॥१४॥

श्रीभगवानुवाच

यस्मान्नोद्विजते लोको लोकान्नोद्विजते च यः। 
हर्षामर्षभयोद्वेगैर्मुक्तो यः स च मे प्रियः॥१५॥ 

अनपेक्षः शुचिर्दक्ष उदासीनो गतव्यथः। 
सर्वारम्भपरित्यागी यो मद्भक्तः स मे प्रियः॥१६॥

यो न हृष्यति न द्वेष्टि न शोचति न काङ्क्षति। 
शुभाशुभपरित्यागी भक्तिमान्यः स मे प्रियः॥१७॥ 

समः शत्रौ च मित्रे च तथा मानापमानयोः। 
शीतोष्णसुखदुःखेषु समः सङ्गविवर्जितः॥१८॥

तुल्यनिन्दास्तुतिर्मौनी सन्तुष्टो येन केनचित्। 
अनिकेतः स्थिरमतिर्भक्तिमान्मे प्रियो नरः॥१९॥ 

ये तु धर्म्यामृतमिदं यथोक्तं पर्युपासते। 
श्रद्दधाना मत्परमा भक्तास्तेऽतीव मे प्रियाः॥२०॥

गीता के बारहवाँ अध्याय का हिंदी अर्थ और भावार्थ | Gita 12 Bhakti Yoga | Bhagwat Geeta Adhyay 12 in Hindi Meaning

अर्जुन का प्रश्न

अर्जुन बोले- 
हे श्रीकृष्ण! जो अनन्य प्रेमी भक्तजन पूर्वोक्त प्रकार से निरंतर आपके ध्यान में लगे रहकर आप सगुण रूप परमेश्वर को, और दूसरे (भक्तजन) जो केवल अविनाशी सच्चिदानन्दघन निराकार ब्रह्म को ही अतिश्रेष्ठ भाव से भजते हैं- उन दोनों प्रकार के उपासकों में अति उत्तम योगवेत्ता कौन हैं?॥1॥ 

अर्जुन यहाँ साकार भगवान की भक्ति और अव्यक्त ब्रह्म की उपासना के बीच तुलना को लेकर प्रश्न पूछते हैं।

भगवान का उत्तर

भगवान् श्रीकृष्ण बोले- 
मुझमें मन को एकाग्र करके निरंतर मेरे ध्यान में लगे हुए जो भक्तजन अतिशय श्रेष्ठ श्रद्धा से युक्त होकर मुझ सगुणरूप परमेश्वर को भजते हैं, वे मुझको योगियों में अति उत्तम योगी मान्य हैं॥2॥ 

अव्यक्त ब्रह्म की उपासना

किन्तु जो मनुष्य इन्द्रियों को भली-भांति वश में करके मन-बुद्धि से परे, सर्वव्यापी, अकथनीय स्वरूप और सदा एकरस रहने वाले, नित्य, अचल, निराकार, अविनाशी, सच्चिदानन्दघन ब्रह्म को निरंतर एकीभाव से ध्यान करते हुए भजते हैं, वे संपूर्ण भूतों के हित में रत और सबमें समान भाव वाले योगी मुझको ही प्राप्त होते हैं॥3-4॥ 

(भगवान यहाँ यह बताते हैं कि अव्यक्त ब्रह्म की साधना भी एक आध्यात्मिक मार्ग है, लेकिन इसके लिए इंद्रिय-संयम, समभाव और सूक्ष्म आध्यात्मिक चिंतन की आवश्यकता होती है। मूल पाठ में 12.3–4 में अव्यक्त की उपासना करने वाले साधकों के इन गुणों का वर्णन मिलता है।)

अव्यक्त उपासना की कठिनाई

उन सच्चिदानन्दघन निराकार ब्रह्म में आसक्त चित्तवाले मनुष्यों के साधन में परिश्रम विशेष है क्योंकि देहाभिमानियों द्वारा अव्यक्तविषयक गति दुःखपूर्वक प्राप्त की जाती है (देह में अभिमान रहते निर्गुण ब्रह्म का तत्त्‍व समझ में आना बहुत कठिन है. इसलिये जिनका शरीर में अभिमान है, अर्थात जो केवल अपने बारे में ही सोचते हैं, उन्हें वैसी स्थिति बड़े परिश्रम से प्राप्‍त होती है)॥5॥ 

(जिन लोगों का मन अव्यक्त ब्रह्म में लगा रहता है, उनके लिए यह साधना अधिक कठिन होती है। क्योंकि देह के प्रति आसक्ति रखने वाले मनुष्यों के लिए अव्यक्त और निराकार परम सत्य को प्राप्त करना कठिन होता है।)
मुख्य संदेश
निराकार उपासना संभव है, लेकिन सामान्य देहाभिमानी मनुष्य के लिए उसका मार्ग अधिक कठिन बताया गया है।

भगवान में समर्पण और उद्धार

किन्तु जो मेरे परायण रहने वाले भक्तजन संपूर्ण कर्मों को मुझमें अर्पण करके मुझ सगुणरूप परमेश्वर को ही अनन्य भक्तियोग से निरंतर चिंतन करते हुए भजते हैं॥6॥ 

उन प्रेमी भक्तों का मैं शीघ्र ही मृत्यु रूप संसार-समुद्र से उद्धार करने वाला होता हूँ॥7॥
यहाँ समर्पण का अर्थ कर्मों से भागना नहीं है। भक्त अपने कर्तव्यों को करते हुए उनके परिणाम को भगवान को समर्पित करने का भाव रखता है।
भगवान् को निरंतर भजने का अर्थ लगातार केवल भगवान् के भजन गाने से नहीं हैं, बल्कि गोपियों की तरह समस्‍त कर्म करते समय भगवान में मन को तन्‍मय करके उनके गुण, प्रभाव और स्‍वरूप का सदा-सर्वदा प्रेमपूर्वक चिंतन करते रहना ही मन को एकाग्र करके निरंतर उनके ध्‍यान में स्थित रहते हुए उनको भजना है।
या दोहनेअवहनने मथनोपलेप-प्रेङ्खेङ्खनार्भरूदितो-क्षणमार्जनादौ। 
गायन्ति चैनमनुरक्‍तधियो-अश्रुकण्‍ठचो धन्‍या व्रजस्त्रिय उरूक्रमचित्‍याना:।। 

(श्रीमद्भागवत 10।44।15) 
  
"जो गौओं का दूध दुहते समय, धान आदि कूटते समय, दही बिलोते समय, आंगन लीपते समय, बालकों को पालने में झुलाते समय, रोते हुए बच्‍चों को लोरी सुनाते समय, घरों में जल छिड़कते समय और झाड़ू देने आदि कर्मों को करते समय प्रेमपूर्वक चित्त से गद्गद वाणी से श्रीकृष्‍ण का गान किया करती हैं, इस प्रकार सदा श्रीकृष्‍ण में ही चित्त लगाये रखने वाली ये ब्रजवासिनी गोपियां धन्‍य हैं." 

मन और बुद्धि भगवान में लगाना

अर्जुन! मुझमें मन और बुद्धि को लगाओ, इसके उपरान्त तुम मुझमें ही निवास करोगे॥8॥ 

(हे अर्जुन! अपने मन को मुझमें लगाओ और अपनी बुद्धि को भी मुझमें स्थिर करो। ऐसा करने पर तुम निश्चित रूप से मुझमें ही स्थित हो जाओगे।)
आज के जीवन में संदेश
मन की दिशा और बुद्धि का निर्णय—दोनों को अपने सर्वोच्च उद्देश्य के साथ जोड़ना आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अभ्यास योग

यदि तुम मन को मुझमें अचल स्थापन करने के लिए समर्थ नहीं हो, तो अभ्यासरूप योग द्वारा मुझको प्राप्त होने के लिए इच्छा करो॥9॥ 
मन बार-बार भटकता है तो निराश होने के बजाय उसे बार-बार अपने चुने हुए आध्यात्मिक लक्ष्य की ओर लाना अभ्यास है।

भगवान के लिए कर्म करना

और यदि तुम उपर्युक्त अभ्यास में भी असमर्थ हो, तो केवल मेरे लिए कर्म करने के ही परायण हो जाओ. इस प्रकार तुम मेरे निमित्त कर्मों को करता हुए भी मेरी प्राप्ति रूप सिद्धि को ही प्राप्त होगे।

अर्थात् यदि तुम अभ्यास करने में भी समर्थ नहीं हो, तो मेरे लिए कर्म करने को ही अपना उद्देश्य बना लो। मेरे लिए कर्म करते हुए भी तुम सिद्धि प्राप्त कर सकते हो॥10॥
भगवान की प्राप्ति के लिये अनेक प्रकार की युक्तियों से भगवान में मन को लगाने का जो बार-बार प्रयत्‍न किया जाता है, उसे  ‘अभ्‍यासयोग’ कहते हैं. 

अत: भगवान के जिस नाम, रूप, गुण और लीला आदि में साधक की श्रद्धा और प्रेम हो, उसी में भगवत्‍प्राप्ति के उद्देश्‍य से बार-बार मन लगाने के लिये प्रयत्‍न करना अभ्‍यास योग के द्वारा भगवान को प्राप्‍त करने की इच्‍छा करना है. भाँति-भाँति के दु:खों की प्राप्ति होने पर भी प्रह्लाद की तरह भगवान पर स्थिर रहना, भगवान को ही परम प्रेमी, परम गति, परम सुहृद और सब प्रकार से शरण लेने योग्‍य समझकर स्वयं को भगवान के समर्पण कर देना, भगवान के परायण होना है. 

मुख्य संदेश

हर व्यक्ति एक ही स्तर से साधना शुरू नहीं करता। इसलिए भगवान साधना के लिए क्रमिक मार्ग बताते हैं।

कर्मफल का त्याग

अर्जुन! यदि मेरी प्राप्ति रूप योग के आश्रित होकर उपर्युक्त साधन को करने में भी तुम असमर्थ हो, तो मन-बुद्धि आदि पर विजय प्राप्त करके सब कर्मों के फल का त्याग करो (गीता अध्याय 9 श्लोक 27 में देखिये)॥11॥ 
कर्मफल-त्याग का अर्थ कर्म करना छोड़ देना नहीं है। इसका अर्थ है कर्म करते हुए उसके परिणाम के प्रति अत्यधिक आसक्ति छोड़ना।

🔄 श्लोक 8–11 में साधना का क्रम

श्लोकसाधना का मार्ग
12.8मन और बुद्धि भगवान में लगाना
12.9अभ्यास योग
12.10भगवान के लिए कर्म करना
12.11कर्मफल का त्याग

यह अध्याय साधक को एक ही उपाय पर निर्भर नहीं करता, बल्कि उसकी क्षमता के अनुसार क्रमिक साधना का मार्ग बताता है।

ज्ञान, ध्यान और त्याग

मर्म को न जानकर किए हुए अभ्यास से ज्ञान श्रेष्ठ है, ज्ञान से मुझ परमेश्वर के स्वरूप का ध्यान श्रेष्ठ है और ध्यान से सब कर्मों के फल का त्याग श्रेष्ठ है, क्योंकि त्याग से तत्काल ही परम शांति होती है॥12॥

अभ्यास से ज्ञान श्रेष्ठ है, ज्ञान से ध्यान श्रेष्ठ है और ध्यान से कर्मों के फल का त्याग श्रेष्ठ है; क्योंकि कर्मफल के त्याग के बाद तुरंत शांति प्राप्त होती है।

मुख्य संदेश

अभ्यास → ज्ञान → ध्यान → कर्मफल-त्याग → शांति

यह श्लोक अध्याय 12 के सबसे महत्वपूर्ण शिक्षात्मक श्लोकों में से एक है। 

‘सब कर्मों के फल का त्‍याग’ करने वाला मनुष्य न तो यह समझता है कि मुझसे भगवान कर्म करवाते हैं और न ही वह यह समझता है कि मैं भगवान के लिये समस्‍त कर्म करता हूँ. वह यह समझता है कि कर्म करने में ही मनुष्‍य का अधिकार है, उसके फल में नहीं. 

भगवान को प्रिय भक्त के गुण

श्लोक 13 से 20 में भगवान श्रीकृष्ण बताते हैं कि किस प्रकार का भक्त उन्हें प्रिय है।

§ मैत्री, करुणा और अहंकाररहितता

अर्जुन! जो पुरुष सब भूतों में द्वेष भाव से रहित, स्वार्थ रहित सबका प्रेमी और हेतु रहित दयालु है तथा ममता से रहित, अहंकार से रहित, सुख-दुःखों की प्राप्ति में सम और क्षमावान है अर्थात अपराध करने वाले को भी अभय देने वाला है।

(जो किसी भी प्राणी से द्वेष नहीं करता, सबके प्रति मैत्री और करुणा रखता है, ममता और अहंकार से रहित है, सुख-दुःख में समान रहता है और क्षमाशील है, वह भक्त मुझे प्रिय है)॥13॥

तथा जो योगी निरंतर संतुष्ट है, मन-इन्द्रियों सहित शरीर को वश में किए हुए है और मुझमें दृढ़ निश्चय वाला है- वह मुझमें अर्पण किए हुए मन-बुद्धिवाला मेरा भक्त मुझे प्रिय है। 

(अर्थात् जो सदा संतुष्ट रहता है, मन और इंद्रियों पर संयम रखता है, दृढ़ निश्चय वाला है और अपने मन तथा बुद्धि को मुझमें समर्पित करता है, वह भक्त भी मुझे प्रिय है)॥14॥ 

मूल पाठ में 12.13–14 इसी क्रम में श्रीभगवानुवाच के अंतर्गत हैं।

§ जो किसी को उद्विग्न नहीं करता

जिससे कोई भी जीव उद्वेग को प्राप्त नहीं होता और जो स्वयं भी किसी जीव से उद्वेग को प्राप्त नहीं होता तथा जो हर्ष, अमर्ष (दूसरे की उन्नति को देखकर होने वाला संताप या दुःख), भय और उद्वेगादि से रहित है वह भक्त मुझे प्रिय है॥15॥ 

(जिससे कोई प्राणी परेशान या भयभीत नहीं होता और जो स्वयं भी दूसरों के कारण अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होता तथा हर्ष, क्रोध, भय और मानसिक उद्वेग से मुक्त रहता है, वह भक्त मुझे प्रिय है।)

आज के जीवन में संदेश

सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है; हमारे व्यवहार से दूसरों को कैसा अनुभव होता है, यह भी महत्वपूर्ण है।

§ शुद्ध, दक्ष और अनपेक्ष भक्त

जो मनुष्य आकांक्षा से रहित, बाहर-भीतर से शुद्ध, चतुर, पक्षपात से रहित और दुःखों से छूटा हुआ (सुख-दुख में समान) है, जो मानसिक व्यथा से मुक्त है तथा स्वार्थपूर्ण आरंभों का त्याग करता है, वह भक्त मुझे प्रिय है॥16॥ 

§ न हर्ष, न द्वेष, न शोक

जो न कभी अत्यधिक हर्षित होता है, न द्वेष करता है, न शोक करता है, न कामना करता है और अनावश्यक इच्छाओं से मुक्त रहता है, तथा जो शुभ और अशुभ संपूर्ण कर्मों का त्यागी है, अर्थात् शुभ-अशुभ कर्मों के फल के प्रति आसक्ति का त्याग करता है, वह भक्तियुक्त पुरुष मुझे प्रिय है॥17॥ 
महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण

यहाँ “शुभ-अशुभ का त्याग” पढ़कर यह अर्थ नहीं निकालना चाहिए कि अच्छे कर्म करना छोड़ देना चाहिए। इस संदर्भ में इसे कर्मों के शुभ-अशुभ परिणाम से जुड़ी आसक्ति और फल की अपेक्षा के त्याग के रूप में समझना अधिक स्पष्ट है।

§ शत्रु और मित्र में समभाव

जो शत्रु-मित्र में और मान-अपमान में सम है तथा सर्दी, गर्मी और सुख-दुःखादि द्वंद्वों में सम है और आसक्ति से रहित है॥18॥ 

(जो शत्रु और मित्र को समान भाव से देखता है, मान और अपमान में समान रहता है तथा सर्दी-गर्मी और सुख-दुःख जैसे द्वंद्वों में समभाव रखता है और आसक्ति से रहित रहता है, वह भक्त भगवान को प्रिय है।)

§ निंदा और स्तुति में समान

जो निंदा-स्तुति को समान समझने वाला, मननशील और जिस किसी प्रकार से भी शरीर का निर्वाह होने में सदा ही संतुष्ट है और रहने के स्थान में ममता और आसक्ति से रहित है- वह स्थिरबुद्धि भक्तिमान पुरुष मुझे प्रिय है॥19॥ 

(जो निंदा और स्तुति को समान समझता है, संयमित और शांत रहता है, जो उपलब्ध साधनों में संतुष्ट रहता है, किसी एक स्थान या भौतिक निवास के प्रति अत्यधिक आसक्त नहीं है, जिसकी बुद्धि स्थिर है और जो भक्तिमान है, वह मनुष्य मुझे प्रिय है।)

“अनिकेत” का सरल अर्थ

अनिकेत का अर्थ केवल “बेघर” होना नहीं है। यहाँ भाव यह है कि व्यक्ति किसी स्थान, वस्तु या भौतिक सुविधा के प्रति अत्यधिक ममता और आसक्ति में बंधा न हो।

§ भक्तियोग का निष्कर्ष

किन्तु जो श्रद्धायुक्त पुरुष मेरे परायण होकर इस ऊपर कहे हुए धर्ममय अमृत को निष्काम प्रेमभाव से सेवन करते हैं, वे भक्त मुझे बहुत प्रिय हैं॥20॥

अध्याय 12 के 20 श्लोकों का संक्षिप्त सार

श्लोक मुख्य विषय मुख्य संदेश
12.1 अर्जुन का प्रश्न साकार भक्ति और अव्यक्त उपासना में श्रेष्ठ कौन?
12.2 भगवान का उत्तर श्रद्धापूर्वक भगवान में मन लगाने वाला भक्त श्रेष्ठ
12.3–4 अव्यक्त ब्रह्म इंद्रिय-संयम, समभाव और सर्वभूतहित
12.5 कठिनाई अव्यक्त की साधना अधिक कठिन
12.6–7 समर्पण भगवान में समर्पित भक्त का उद्धार
12.8 मन-बुद्धि मन और बुद्धि भगवान में लगाना
12.9 अभ्यास मन को बार-बार भगवान में लगाना
12.10 भगवान के लिए कर्म अपने कर्मों को भगवान के लिए करना
12.11 कर्मफल-त्याग कर्म के परिणाम से आसक्ति छोड़ना
12.12 शांति कर्मफल-त्याग से शांति
12.13–14 भक्त के गुण मैत्री, करुणा, क्षमा, संतोष और अहंकाररहितता
12.15 उद्वेग से मुक्ति न दूसरों को परेशान करना, न स्वयं अनावश्यक उद्विग्न होना
12.16 शुद्धता अपेक्षारहित, दक्ष और संयमित रहना
12.17 समभाव हर्ष, द्वेष, शोक और अनावश्यक इच्छा से मुक्त रहना
12.18 समानता शत्रु-मित्र और सुख-दुःख में समभाव
12.19 स्थिर बुद्धि निंदा-स्तुति में समान रहना
12.20 निष्कर्ष श्रद्धापूर्वक भक्तियोग का पालन करने वाला भक्त प्रिय है

भगवान श्रीकृष्ण को प्रिय भक्त के प्रमुख गुण

अध्याय 12 के श्लोक 13–20 को देखें तो एक आदर्श भक्त के कई गुण सामने आते हैं:

गुण सरल अर्थ
अद्वेष्टा किसी से द्वेष न करना
मैत्रः सबके प्रति मित्रतापूर्ण भाव रखना
करुण दूसरों के दुःख के प्रति संवेदनशील होना
निर्मम अत्यधिक “मेरा-मेरा” भाव से मुक्त होना
निरहंकार अहंकार से मुक्त रहना
क्षमी क्षमाशील होना
संतुष्ट उपलब्ध परिस्थितियों में संतोष रखना
यतात्मा मन और इंद्रियों पर संयम रखना
दृढ़निश्चय अपने आध्यात्मिक लक्ष्य में दृढ़ रहना
समभाव सुख-दुःख, मान-अपमान आदि में संतुलित रहना
अनपेक्ष अनावश्यक अपेक्षाओं से मुक्त रहना
शुचि शुद्ध और पवित्र आचरण रखना
दक्ष अपने कर्तव्यों को सावधानी से करना
उदासीन पक्षपात से मुक्त रहना
सङ्गविवर्जित अनावश्यक आसक्ति से मुक्त रहना
स्थिरमति स्थिर और संतुलित बुद्धि रखना

भगवद्गीता अध्याय 12 की मुख्य शिक्षाएँ

1. भक्ति केवल पूजा तक सीमित नहीं है

भक्ति का अर्थ केवल मंदिर जाना या भजन गाना नहीं है। गीता में भक्ति को मन, बुद्धि, कर्म और जीवन के उद्देश्य से जोड़कर समझाया गया है।

2. मन को भगवान में लगाना साधना का केंद्र है

भगवान कहते हैं कि यदि मन को सीधे उनमें स्थिर करना कठिन हो तो अभ्यास किया जाए। इसका अर्थ है कि साधना में निरंतरता महत्वपूर्ण है।

3. कर्म करते हुए भी भक्ति संभव है

गीता संसार से भागने की शिक्षा नहीं देती। व्यक्ति अपने कर्तव्यों को करते हुए उन्हें भगवान को समर्पित करने का भाव रख सकता है।

4. कर्मफल की आसक्ति कम करना महत्वपूर्ण है

मनुष्य कर्म करता है, लेकिन परिणाम हमेशा उसके नियंत्रण में नहीं होता। इसलिए कर्म करते हुए फल के प्रति अत्यधिक आसक्ति छोड़ना मानसिक शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

5. सच्ची भक्ति व्यवहार में दिखाई देती है

अध्याय के अंतिम भाग में भगवान भक्त के जिन गुणों को बताते हैं, उनमें करुणा, क्षमा, अहिंसा-सदृश अद्वेष, समभाव और विनम्रता प्रमुख हैं।

6. भक्ति के साथ संतुलित जीवन

गीता का भक्त जीवन की परिस्थितियों से पूरी तरह टूटता या अत्यधिक उत्साहित नहीं होता। वह सुख-दुःख, मान-अपमान और निंदा-स्तुति में संतुलन बनाए रखने का प्रयास करता है।


आज के जीवन में भक्ति योग का महत्व

भगवद्गीता का अध्याय 12 आज के व्यस्त जीवन में भी बहुत व्यावहारिक संदेश देता है।

काम करते समय: अपना काम पूरी ईमानदारी से करें, लेकिन हर परिणाम को लेकर अत्यधिक चिंता न करें।

असफलता के समय: असफलता को अपनी पूरी पहचान न बनने दें।

सफलता के समय: सफलता से अहंकार न बढ़ने दें।

रिश्तों में: दूसरे व्यक्ति से असहमति होने पर भी द्वेष और घृणा को बढ़ने न दें।

तनाव के समय: मन को बार-बार अपने मूल उद्देश्य और मूल्यों की ओर वापस लाने का अभ्यास करें।

सोशल मीडिया के दौर में: निंदा और प्रशंसा दोनों को समान रूप से लेने का अभ्यास करें। यही श्लोक 19 के “तुल्यनिन्दास्तुतिः” भाव से जुड़ा एक आधुनिक उदाहरण है।


भगवद्गीता अध्याय 12 का सबसे बड़ा संदेश

अध्याय 12 का संदेश केवल यह नहीं है कि “भगवान की भक्ति करो।”

इसका व्यापक संदेश यह है कि भक्ति व्यक्ति के व्यवहार और चरित्र में दिखाई देनी चाहिए।

एक भक्त,

  • द्वेष कम करता है,
  • करुणा बढ़ाता है,
  • अहंकार कम करता है,
  • क्षमा सीखता है,
  • सुख-दुःख में संतुलन रखता है,
  • कर्म करता है लेकिन फल की आसक्ति कम करता है,
  • और अपने मन-बुद्धि को परम लक्ष्य में स्थिर करने का प्रयास करता है।

यही कारण है कि अध्याय के अंतिम आठ श्लोकों में भगवान बार-बार कहते हैं कि ऐसे भक्त उन्हें प्रिय हैं।


भगवद्गीता अध्याय 12 का निष्कर्ष

भक्ति योग भगवद्गीता के सबसे संक्षिप्त लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण अध्यायों में से एक है। केवल 20 श्लोकों में भगवान श्रीकृष्ण भक्ति, अव्यक्त ब्रह्म की उपासना, अभ्यास, कर्म, कर्मफल-त्याग और आदर्श भक्त के गुणों का वर्णन करते हैं।

अर्जुन के प्रश्न के उत्तर में भगवान बताते हैं कि श्रद्धा के साथ उनके प्रति मन और बुद्धि को समर्पित करने वाले भक्त उन्हें अत्यंत प्रिय हैं। साथ ही वे यह भी बताते हैं कि अव्यक्त ब्रह्म की उपासना करने वाले साधक भी परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं, हालांकि देहाभिमानी मनुष्यों के लिए यह मार्ग अधिक कठिन बताया गया है।

अध्याय का अंतिम संदेश अत्यंत सुंदर है, सच्ची भक्ति केवल पूजा की भावना नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है।


भगवद्गीता अध्याय 12 से जुड़े FAQs

1. भगवद्गीता के 12वें अध्याय का नाम क्या है?

भगवद्गीता के 12वें अध्याय का नाम भक्ति योग है।

2. भगवद्गीता अध्याय 12 में कितने श्लोक हैं?

अध्याय 12 में कुल 20 श्लोक हैं।

3. भगवद्गीता अध्याय 12 में अर्जुन क्या पूछते हैं?

अर्जुन पूछते हैं कि साकार भगवान की भक्ति करने वाले और अव्यक्त, अक्षर ब्रह्म की उपासना करने वाले साधकों में कौन श्रेष्ठ है।

4. भगवान श्रीकृष्ण के अनुसार श्रेष्ठ भक्त कौन है?

जो श्रद्धा के साथ मन और बुद्धि को भगवान में लगाता है और भक्ति के साथ जीवन जीता है, भगवान उसे अत्यंत प्रिय बताते हैं।

5. क्या अध्याय 12 में निराकार ब्रह्म की उपासना को भी स्वीकार किया गया है?

हाँ। श्लोक 3–4 में अव्यक्त, अक्षर ब्रह्म की उपासना करने वाले साधकों का वर्णन किया गया है और कहा गया है कि वे भी भगवान को प्राप्त होते हैं। साथ ही श्लोक 5 में इस मार्ग को देहाभिमानी मनुष्यों के लिए अधिक कठिन बताया गया है।

6. भगवद्गीता अध्याय 12 का सबसे प्रसिद्ध श्लोक कौन-सा है?

अध्याय 12 में कई महत्वपूर्ण श्लोक हैं। विशेष रूप से 12.8, 12.12, 12.13–14 और 12.20 भक्ति योग की शिक्षा को समझने में महत्वपूर्ण हैं।

7. श्लोक 12.12 का मुख्य संदेश क्या है?

श्लोक 12.12 में अभ्यास, ज्ञान, ध्यान और कर्मफल-त्याग के क्रम का वर्णन करते हुए कहा गया है कि कर्मफल के त्याग से शांति प्राप्त होती है।

8. भगवान को प्रिय भक्त के क्या गुण हैं?

अध्याय 12 के अनुसार भक्त में द्वेषरहितता, मैत्री, करुणा, अहंकाररहितता, क्षमा, संतोष, संयम, समभाव, अनासक्ति और दृढ़ भक्ति जैसे गुण होने चाहिए।

9. क्या भक्ति योग का अर्थ केवल पूजा या भजन करना है?

नहीं। अध्याय 12 में भक्ति को मन, बुद्धि, कर्म, समर्पण, अभ्यास और जीवन के आचरण से जोड़ा गया है।

10. भगवद्गीता अध्याय 12 का अंतिम संदेश क्या है?

अध्याय 12 का अंतिम संदेश यह है कि जो श्रद्धापूर्वक भगवान को अपना परम लक्ष्य मानकर बताए गए धर्ममय भक्ति मार्ग का पालन करते हैं, वे भगवान को अत्यंत प्रिय हैं।

Comic Bhagavad Gita Chapter 12 | Gita Adhyay 12 | Bhakti Yoga



भगवद्गीता के अन्य अध्याय भी पढ़ें

अगर आप पूरी भगवद्गीता को अध्याय-दर-अध्याय सरल हिंदी में पढ़ना चाहते हैं, तो हमारे भगवद्गीता के 18 अध्यायों के संपूर्ण परिचय से शुरुआत कर सकते हैं।

एक जगह से सभी अध्याय पढ़ने के लिए:

  1. अध्याय 1 — अर्जुनविषाद योग
  2. अध्याय 2 — सांख्य योग
  3. अध्याय 3 — कर्म योग
  4. अध्याय 4 — ज्ञानकर्मसंन्यास योग
  5. अध्याय 5 — सांख्य योग और कर्म योग
  6. अध्याय 6 — आत्मसंयम योग
  7. अध्याय 7 — ज्ञानविज्ञान योग
  8. अध्याय 8 — अक्षरब्रह्म योग
  9. अध्याय 9 — राजविद्या राजगुह्य योग
  10. अध्याय 10 — विभूति योग
  11. अध्याय 11 — विश्वरूपदर्शन योग
  12. अध्याय 12 — भक्तियोग
  13. अध्याय 13 — क्षेत्रक्षेत्रज्ञविभाग योग
  14. अध्याय 14 — गुणत्रयविभाग योग
  15. अध्याय 15 — पुरुषोत्तम योग
  16. अध्याय 16 — दैवासुरसम्पद्विभाग योग
  17. अध्याय 17 — श्रद्धात्रयविभाग योग
  18. अध्याय 18 — मोक्षसंन्यास योग

संदर्भ और स्रोत

इस लेख में भगवद्गीता के मूल संस्कृत श्लोक, उनकी हिंदी व्याख्या और गीता-अध्ययन के संदर्भ में गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित स्वामी रामसुखदास जी की श्रीमद्भगवद्गीता साधक-संजीवनी एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ है। 

गीता प्रेस के आधिकारिक विवरण के अनुसार इसमें मूल संस्कृत श्लोकों के साथ हिंदी अर्थ और विस्तृत टीका दी गई है। 
इसके अलावा गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित गीता तत्त्वविवेचनी में भी मूल संस्कृत श्लोकों के साथ हिंदी व्याख्या उपलब्ध है। 

About the Author

Sonam Agarwal

LLB | Media Professional | Research-Driven Writer on Sanatan Dharma, Indian Culture, Science, Law.


वे सनातन धर्म, भगवद्गीता, हिंदू धर्म, भारतीय संस्कृति, विज्ञान, खगोल विज्ञान, कानून और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों पर research-based articles लिखती हैं। अब तक वे 500 से अधिक लेख लिख चुकी हैं।

सनातन धर्म और भगवद्गीता से संबंधित लेखों में उनका विशेष ध्यान मूल ग्रंथों, प्रामाणिक टीकाओं और विश्वसनीय संदर्भों के आधार पर जानकारी को सरल और सामान्य पाठकों के लिए समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करने पर रहता है।

उनका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को बिना अनावश्यक जटिलता के प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक उनके मूल विचारों को सही संदर्भ में समझ सकें।

Author at Prinsli.com



Tags: भगवद्गीता अध्याय 12 के श्लोक, गीता अध्याय 12, Bhagavad Gita Chapter 12

Post a Comment

Previous Post Next Post