Bhagavad Geeta Adhyay 13 (Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga) : श्रीमद्भगवद्गीता - अध्याय 13 (क्षेत्र क्षेत्रज्ञ विभाग योग)

भगवद्गीता अध्याय 13: क्षेत्र क्षेत्रज्ञ विभाग योग – 35 श्लोक, संस्कृत और सरल हिंदी अर्थ

Bhagavad Gita Chapter 13 | Gita Adhyay 13 | Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga | 35 Shlokas in Sanskrit with Hindi Meaning

Bhagavad Gita Chapter 13 | Gita Adhyay 13 | Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga | 35 Shlokas in Sanskrit with Hindi Meaning

भगवद्गीता अध्याय 13: क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग का परिचय

श्रीमद्भगवद्गीता का तेरहवाँ अध्याय “क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग” कहलाता है और इसमें कुल 35 श्लोक हैं। इस अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को क्षेत्र (Field), क्षेत्रज्ञ (Knower of the Field), ज्ञान, ज्ञेय, प्रकृति और पुरुष के गहरे संबंध को समझाते हैं।

गीता के १२वें अध्याय के आरम्भ में अर्जुन ने सगुण और निर्गुण उपासकों की श्रेष्ठता के विषय में प्रश्न किया था। उनका उत्तर देते हुए भगवान श्रीकृष्ण ने दूसरे श्लोक में संक्षेप में सगुण उपासकों की श्रेष्ठता का प्रतिपादन करके तीसरे से पांचवे श्लोक तक निर्गुण उपासना का स्वरूप, उसका फल और देहाभिमानियों के लिये उनके अनुष्ठान में कठिनता का निरूपण किया। उसके बाद छठे से बीसवें श्लोक तक सगुण उपासना महत्त्व, फल, प्रकार और भगवद्भक्तों के लक्षणों का वर्णन करते करते ही अध्याय की समाप्ति हो गयी। 

निर्गुण का तत्त्व, महिमा और उसकी प्राप्ति के साधनों को विस्तारपूर्वक नहीं समझाया गया. अतः निर्गुण निराकार का तत्त्व अर्थात ज्ञानयोग विषय भलीभाँति समझने के लिये तेरहवें अध्याय का आरम्भ किया जाता है. इसमें पहले भगवान क्षेत्र (शरीर) तथा क्षेत्रज्ञ (आत्मा) के लक्षण बतलाते हैं।

अध्याय 12 में भगवान श्रीकृष्ण ने भक्ति और अपने प्रिय भक्त के गुणों का वर्णन किया था। अब अध्याय 13 में चर्चा अधिक दार्शनिक और आत्मज्ञान से संबंधित हो जाती है।

यह अध्याय मुख्य रूप से एक महत्वपूर्ण प्रश्न का उत्तर देता है:

मैं वास्तव में कौन हूँ—यह शरीर, मन और इंद्रियाँ, या इन सबको जानने वाली चेतना?

भगवान श्रीकृष्ण शरीर को क्षेत्र कहते हैं और जो इस क्षेत्र को जानता है, उसे क्षेत्रज्ञ कहते हैं। आगे वे बताते हैं कि शरीर और उससे जुड़े परिवर्तन प्रकृति के क्षेत्र में आते हैं, जबकि क्षेत्रज्ञ चेतना का सिद्धांत है।

अध्याय 13 (Kshetra Kshetragya Vibhaga Yoga) के महत्वपूर्ण तथ्य

तथ्य जानकारी
अध्याय 13वाँ अध्याय
संस्कृत नाम क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग
English Name Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga
श्लोक 35
मुख्य विषय क्षेत्र, क्षेत्रज्ञ, ज्ञान और ज्ञेय
प्रमुख अवधारणाएँ शरीर, आत्मा, प्रकृति, पुरुष
मुख्य साधना विवेक, ज्ञान और आत्मबोध
मुख्य संदेश शरीर और शरीर के ज्ञाता के बीच अंतर को समझना
अंतिम लक्ष्य परम तत्त्व की प्राप्ति

नोट: कुछ पाठ-परंपराओं/संस्करणों में अध्याय 13 के श्लोकों की संख्या को लेकर भिन्नता मिलती है, क्योंकि अर्जुन के प्रश्न वाले प्रारंभिक श्लोक की गणना सभी संस्करणों में समान नहीं है।


भगवद्गीता - त्रयोदश अध्याय के 35 संस्कृत श्लोक (Gita 13 Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga) | Bhagwat Geeta Adhyay 13 Shlok in Sanskrit

अर्जुन उवाच

प्रकृतिं पुरुषं चैव क्षेत्रं क्षेत्रज्ञमेव च। 
एतद्वेदितुमिच्छामि ज्ञानं ज्ञेयं च केशव॥१॥

श्रीभगवानुवाच

इदं शरीरं कौन्तेय क्षेत्रमित्यभिधीयते। 
एतद्यो वेत्ति तं प्राहुः क्षेत्रज्ञ इति तद्विदः॥२॥ 

क्षेत्रज्ञं चापि मां विद्धि सर्वक्षेत्रेषु भारत। 
क्षेत्रक्षेत्रज्ञयोर्ज्ञानं यत्तज्ज्ञानं मतं मम॥३॥

तत्क्षेत्रं यच्च यादृक्च यद्विकारि यतश्च यत्। 
स च यो यत्प्रभावश्च तत्समासेन मे श‍ृणु॥४॥ 

ऋषिभिर्बहुधा गीतं छन्दोभिर्विविधैः पृथक्। 
ब्रह्मसूत्रपदैश्चैव हेतुमद्भिर्विनिश्चितैः॥५॥

महाभूतान्यहङ्कारो बुद्धिरव्यक्तमेव च। 
इन्द्रियाणि दशैकं च पञ्च चेन्द्रियगोचराः॥६॥ 

इच्छा द्वेषः सुखं दुःखं सङ्घातश्चेतना धृतिः। 
एतत्क्षेत्रं समासेन सविकारमुदाहृतम्॥७॥

अमानित्वमदम्भित्वमहिंसा क्षान्तिरार्जवम्। 
आचार्योपासनं शौचं स्थैर्यमात्मविनिग्रहः॥८॥ 

इन्द्रियार्थेषु वैराग्यमनहङ्कार एव च। 
जन्ममृत्युजराव्याधिदुःखदोषानुदर्शनम्॥९॥

असक्तिरनभिष्वङ्गः पुत्रदारगृहादिषु। 
नित्यं च समचित्तत्वमिष्टानिष्टोपपत्तिषु॥१०॥ 

मयि चानन्ययोगेन भक्तिरव्यभिचारिणी। 
विविक्तदेशसेवित्वमरतिर्जनसंसदि॥११॥

अध्यात्मज्ञाननित्यत्वं तत्त्वज्ञानार्थदर्शनम्। 
एतज्ज्ञानमिति प्रोक्तमज्ञानं यदतोऽन्यथा॥१२॥ 

ज्ञेयं यत्तत्प्रवक्ष्यामि यज्ज्ञात्वामृतमश्नुते। 
अनादिमत्परं ब्रह्म न सत्तन्नासदुच्यते॥१३॥

सर्वतः पाणिपादं तत्सर्वतोऽक्षिशिरोमुखम्। 
सर्वतः श्रुतिमल्लोके सर्वमावृत्य तिष्ठति॥१४॥ 

सर्वेन्द्रियगुणाभासं सर्वेन्द्रियविवर्जितम्। 
असक्तं सर्वभृच्चैव निर्गुणं गुणभोक्तृ च॥१५॥

बहिरन्तश्च भूतानामचरं चरमेव च। 
सूक्ष्मत्वात्तदविज्ञेयं दूरस्थं चान्तिके च तत्॥१६॥ 

अविभक्तं च भूतेषु विभक्तमिव च स्थितम्। 
भूतभर्तृ च तज्ज्ञेयं ग्रसिष्णु प्रभविष्णु च॥१७॥

ज्योतिषामपि तज्ज्योतिस्तमसः परमुच्यते। 
ज्ञानं ज्ञेयं ज्ञानगम्यं हृदि सर्वस्य विष्ठितम्॥१८॥ 

इति क्षेत्रं तथा ज्ञानं ज्ञेयं चोक्तं समासतः। 
मद्भक्त एतद्विज्ञाय मद्भावायोपपद्यते॥१९॥

प्रकृतिं पुरुषं चैव विद्ध्यनादी उभावपि। 
विकारांश्च गुणांश्चैव विद्धि प्रकृतिसम्भवान्॥२०॥ 

कार्यकारणकर्तृत्वे हेतुः प्रकृतिरुच्यते। 
पुरुषः सुखदुःखानां भोक्तृत्वे हेतुरुच्यते॥२१॥

पुरुषः प्रकृतिस्थो हि भुङ्क्ते प्रकृतिजान्गुणान्। 
कारणं गुणसङ्गोऽस्य सदसद्योनिजन्मसु॥२२॥ 

उपद्रष्टानुमन्ता च भर्ता भोक्ता महेश्वरः। 
परमात्मेति चाप्युक्तो देहेऽस्मिन्पुरुषः परः॥२३॥

य एवं वेत्ति पुरुषं प्रकृतिं च गुणैः सह। 
सर्वथा वर्तमानोऽपि न स भूयोऽभिजायते॥२४॥ 

ध्यानेनात्मनि पश्यन्ति केचिदात्मानमात्मना। 
अन्ये साङ्ख्येन योगेन कर्मयोगेन चापरे॥२५॥

अन्ये त्वेवमजानन्तः श्रुत्वान्येभ्य उपासते। 
तेऽपि चातितरन्त्येव मृत्युं श्रुतिपरायणाः॥२६॥ 

यावत्सञ्जायते किञ्चित्सत्त्वं स्थावरजङ्गमम्। 
क्षेत्रक्षेत्रज्ञसंयोगात्तद्विद्धि भरतर्षभ॥२७॥

समं सर्वेषु भूतेषु तिष्ठन्तं परमेश्वरम्। 
विनश्यत्स्वविनश्यन्तं यः पश्यति स पश्यति॥२८॥ 

समं पश्यन्हि सर्वत्र समवस्थितमीश्वरम्। 
न हिनस्त्यात्मनात्मानं ततो याति परां गतिम्॥२९॥

प्रकृत्यैव च कर्माणि क्रियमाणानि सर्वशः। 
यः पश्यति तथात्मानमकर्तारं स पश्यति॥३०॥ 

यदा भूतपृथग्भावमेकस्थमनुपश्यति। 
तत एव च विस्तारं ब्रह्म सम्पद्यते तदा॥३१॥

अनादित्वान्निर्गुणत्वात्परमात्मायमव्ययः। 
शरीरस्थोऽपि कौन्तेय न करोति न लिप्यते॥३२॥ 

यथा सर्वगतं सौक्ष्म्यादाकाशं नोपलिप्यते। 
सर्वत्रावस्थितो देहे तथात्मा नोपलिप्यते॥३३॥

यथा प्रकाशयत्येकः कृत्स्नं लोकमिमं रविः। 
क्षेत्रं क्षेत्री तथा कृत्स्नं प्रकाशयति भारत॥३४॥ 

क्षेत्रक्षेत्रज्ञयोरेवमन्तरं ज्ञानचक्षुषा। 
भूतप्रकृतिमोक्षं च ये विदुर्यान्ति ते परम्॥३५॥

गीता के तेरहवाँ अध्याय का हिंदी अर्थ और भावार्थ | Gita 13 Kshetra Kshetragya Vibhaga Yoga | Bhagwat Geeta Adhyay 13 in Hindi Meaning

श्लोक 1

अर्जुन ने कहा- 
हे केशव! मैं प्रकृति और पुरुष, क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ, तथा ज्ञान और ज्ञेय, इन सभी के वास्तविक स्वरूप को जानना चाहता हूँ॥1॥

श्लोक 2

भगवान श्रीकृष्ण ने कहा- 
हे कौन्तेय! इस शरीर को 'क्षेत्र' कहा जाता है। और जो इस शरीर और इसकी गतिविधियों को जानता है, ज्ञानी लोग उसको 'क्षेत्रज्ञ' अर्थात क्षेत्र को जानने वाला कहते है॥2॥

(जैसे खेत में बोये हुए बीजों का उनके अनुरूप फल समय पर प्रकट होता है, वैसे ही इस शरीर में बोये हुए कर्म-संस्कार रूपी बीजों का फल भी समय पर प्रकट होता है. इसके अतिरिक्त इसका प्रतिक्षण क्षय होता रहता है, इसलिये भी इसे ‘क्षेत्र’ कहते हैं.)

श्लोक 3

हे भारत! सभी शरीरों में क्षेत्रज्ञ के रूप में मुझे भी जानो। मेरे अनुसार क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ का वास्तविक ज्ञान ही सच्चा ज्ञान है।

हे अर्जुन! तुम सब क्षेत्रों में क्षेत्रज्ञ अर्थात जीवात्मा भी मुझे ही जानो (गीता अध्याय 15 श्लोक 7 और उसकी टिप्पणी को देखें) और क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ को अर्थात विकार सहित प्रकृति और पुरुष का जो तत्व से जानना है (गीता अध्याय 13 श्लोक 23 और उसकी टिप्पणी देखें) वह ज्ञान है- ऐसा मेरा मत है॥3॥ 

श्लोक 4

अब मैं तुम्हें संक्षेप में बताता हूँ कि क्षेत्र क्या है, उसका स्वरूप कैसा है, उसमें कौन-कौन से परिवर्तन होते हैं, वह किन कारणों से उत्पन्न होता है और क्षेत्रज्ञ का वास्तविक स्वरूप तथा प्रभाव क्या है।

वह क्षेत्र जो और जैसा है तथा जिन विकारों वाला है और जिस कारण से जो हुआ है तथा वह क्षेत्रज्ञ भी जो और जिस प्रभाव वाला है- वह सब संक्षेप में तुम मुझसे सुनो॥4॥ 

श्लोक 5

इस विषय का वर्णन अनेक ऋषियों ने विभिन्न प्रकार से किया है। विभिन्न वैदिक मंत्रों और तर्कपूर्ण ब्रह्मसूत्रों में भी इसका स्पष्ट विवेचन किया गया है।

यह क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ का तत्व ऋषियों द्वारा बहुत प्रकार से कहा गया है और विविध वेदमंत्रों द्वारा भी विभागपूर्वक कहा गया है तथा भलीभाँति निश्चय किए हुए युक्तियुक्त ब्रह्मसूत्र के पदों द्वारा भी कहा गया है॥5॥ 

श्लोक 6

क्षेत्र के अंतर्गत पाँच महाभूत, अहंकार, बुद्धि, अव्यक्त मूल प्रकृति, दस इंद्रियाँ, एक मन तथा पाँच इंद्रिय-विषय अर्थात शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंध आते हैं। इस प्रकार यहाँ प्रकृति से संबंधित अनेक तत्त्वों का वर्णन किया गया है॥6॥ 
वाक्, हाथ, पैर, उपस्थ और गुदा पाँच कर्मेन्द्रियाँ है. तथा श्रोत्र, त्वचा, चक्षु, रसना, और घ्राण यह पाँच ज्ञानेन्द्रियाँ है. ये सब मिलकर दस इन्द्रियाँ हैं।

श्लोक 7

तथा इच्छा, द्वेष, सुख, दुःख, स्थूल देह का पिण्ड, चेतना (शरीर और अन्तःकरण की एक प्रकार की चेतन-शक्ति) और धृति (गीता अध्याय 18 श्लोक 34 व 35 तक देखें)। इस प्रकार विकारों के सहित यह क्षेत्र संक्षेप में कहा गया॥7॥

(पाँचवें श्लोक में कहे हुए को क्षेत्र का स्वरूप समझना चाहिए और इस श्लोक में कहे हुए इच्छादि को क्षेत्र के विकार समझने चाहिए।)

इच्छा, द्वेष, सुख, दुःख, शरीर का संघात (स्थूल देह का पिण्ड), चेतना  (शरीर और अन्तःकरण की एक प्रकार की चेतन-शक्ति) और धृति आदि भी क्षेत्र के अंतर्गत बताए गए हैं। इन सभी को उनके परिवर्तनों सहित क्षेत्र का हिस्सा समझना चाहिए।
मनुष्य जिन पदार्थाें को सुख का हेतु या दुःखनाशक समझता है, उन पदार्थों को प्राप्त करने की आप्तियुक्त जो कामना है जिसके वासना, तृणा, आशा, लालसा, और स्पृहा आदि अनेक भेद हैं, उसी का वाचन यहाँ इच्छा शब्द है. 

जिन पदार्थों को मनुष्य दुख का हेतु या सुख में बाधक समझता है, उनमें जो विरोध बुद्धि होती है, उसका नाम द्वेष है. इसके स्थूल रूप वैर, ईर्ष्या, घृणा, क्रोध आदि हैं. 

अनुकूल की प्राप्ति और प्रतिकूल की निवृति से अन्तःकरण में जो प्रसन्नता की वृति होती है, उसका नाम ‘सुख’ है. 

प्रतिकूल प्राप्ति और अनुकूल के विनाश से जो अन्तःकरण में जो व्याकुलता होती है, जिसे व्यथा भी कहते हैं, उसका वाचन ‘दुख’ है.
जब मनुष्य यह जान लेता है कि उसका शरीर भूमि का एक टुकड़ा अर्थात एक क्षेत्र है, और वह मनुष्य उस शरीर में रहने वाला, उस शरीर को समझने वाला अर्थात क्षेत्रज्ञ है, तब वह मनुष्य अपने शरीर के माध्यम से अपनी प्रगति को साध पाता है. 

ज्ञान के वास्तविक गुण

श्लोक 8

विनम्रता, दिखावे से रहित होना, अहिंसा, क्षमा, सरलता, गुरु की सेवा, बाहरी और आंतरिक शुद्धता, दृढ़ता तथा आत्मसंयम, ये सब ज्ञान की दिशा में ले जाने वाले गुण हैं।

श्रेष्ठता के अभिमान का अभाव, दम्भाचरण का अभाव, किसी भी प्राणी को किसी प्रकार भी न सताना, क्षमाभाव, मन-वाणी आदि की सरलता, श्रद्धा-भक्ति सहित गुरु की सेवा, बाहर-भीतर की शुद्धि, अंतःकरण की स्थिरता और मन-इन्द्रियों सहित शरीर का निग्रह, ये सब ज्ञान की दिशा में ले जाने वाले गुण हैं॥8॥ 
मन-वाणी आदि की सरलता  — 
जिस साधक में मन, वाणी और शरीर की सरलता का भाव पूर्ण रूप से आ जाता है, वह सबके साथ सरलता का व्यवहार करता है; उसमें कुटिलता का सर्वथा अभाव हो जाता है. अर्थात उसके व्यवहार में दाव-पेंच, कपट या टेढ़ापन जरा भी नहींं रहता; वह बाहर और भीतर ने समान और सरल रहता है।

बाहरी और आंतरिक शुद्धता, अर्थात् बाहर-भीतर की शुद्धि — 
सत्यतापूर्वक शुद्ध व्यवहार से द्रव्य की और उसके अन्न से आहार की तथा यथायोग्य बर्ताव से आचरणों की और जल-मृत्तिका आदि से शरीर की शुद्धि को बाहर की शुद्धि कहते हैं।  तथा राग, द्वेष और कपट आदि विकारों का नाश होकर अंतःकरण का स्वच्छ हो जाना भीतर की शुद्धि कही जाती है। शरीर और मन, दोनों ही प्रकार की शुद्धि को ‘शौच’ कहा जाता है

दृढ़ता या अंतःकरण की स्थिरता —
बड़े-से-बड़े कष्ट, विपत्ति या दुःख के आ पड़ने पर भी विचलित न होना एवं काम, क्रोध, भय, लोभ, आदि से किसी भी प्रकार अपने धर्म और कर्तव्य से न डिगना तथा मन और बुद्धि में किसी तरह की चंचलता का न रहना अन्तःकरण की स्थिरता है।

आत्मसंयम या मन-इन्द्रियों सहित शरीर का निग्रह —
अपने अंतःकरण व इन्द्रियों को भली-भाँति अपने वश में कर लेना निग्रह करना है।

श्लोक 9

इस लोक और परलोक के सम्पूर्ण भोगों में आसक्ति का अभाव और अहंकार का भी अभाव, जन्म, मृत्यु, जरा और रोग आदि में दुःख और दोषों का बार-बार विचार करना॥9॥ 

इंद्रियों के विषयों के प्रति वैराग्य, अहंकार का त्याग तथा जन्म, मृत्यु, वृद्धावस्था और रोगों में निहित दुःख को समझना भी ज्ञान का हिस्सा है।

श्लोक 10

पुत्र, स्त्री, घर और धन आदि में आसक्ति का अभाव, ममता का न होना तथा प्रिय और अप्रिय की प्राप्ति में सदा ही चित्त का सम रहना॥10॥ 

पुत्र, पत्नी, घर आदि के प्रति अत्यधिक आसक्ति न रखना और मनचाही या प्रतिकूल परिस्थितियों में मन को संतुलित रखना ज्ञान के लक्षण हैं।

श्लोक 11

मुझ परमेश्वर में अनन्य योग द्वारा अव्यभिचारिणी भक्ति तथा एकांत और शुद्ध देश में रहने का स्वभाव और विषयासक्त मनुष्यों के समुदाय में प्रेम का न होना॥11॥ 

परमात्मा में एकनिष्ठ और अडिग भक्ति रखना, एकांत और शांत स्थानों में आत्मचिंतन करना तथा केवल भीड़ और सांसारिक चर्चा में ही रुचि न रखना भी ज्ञान के साधनों में बताया गया है।
अव्यभिचारिणी भक्ति — केवल एक सर्वशक्तिमान परमेश्वर को ही अपना स्वामी मानते हुए स्वार्थ और अभिमान का त्याग करके, श्रद्धा और भाव सहित परमप्रेम से भगवान का निरंतर चिंतन करना 'अव्यभिचारिणी' भक्ति है।

 श्लोक 12

आत्मज्ञान में निरंतर रुचि रखना और परम सत्य को जानने का उद्देश्य रखना, इन्हें ज्ञान कहा गया है। इसके विपरीत जो कुछ इस दिशा से हटाता है, उसे अज्ञान कहा गया है।

अध्यात्म ज्ञान में नित्य स्थिति और तत्वज्ञान के अर्थरूप परमात्मा को ही देखना, यह सब ज्ञान है और जो इसके विपरीत है वह अज्ञान है॥12॥ 
अध्यात्म ज्ञान —  जिस ज्ञान द्वारा आत्मवस्तु और अनात्मवस्तु जानी जाए, उस ज्ञान का नाम 'अध्यात्म ज्ञान' है।

ज्ञान — इस अध्याय के श्लोक 7 से लेकर यहाँ तक जो साधन कहे हैं, वे सब तत्वज्ञान की प्राप्ति में हेतु होने से 'ज्ञान' नाम से कहे गए हैं।

अज्ञान — ऊपर कहे हुए ज्ञान के साधनों से विपरीत तो मान, दम्भ, हिंसा आदि हैं, वे अज्ञान की वृद्धि में हेतु होने से 'अज्ञान' नाम से कहे गए हैं।

ज्ञेय क्या है?

श्लोक 13

अर्जुन! जो जानने योग्य है तथा जिसको जानकर मनुष्य परम आनंद को प्राप्त होता है, उसको मैं भलीभाँति कहूँगा. वह अनादिवाला परमब्रह्म न सत्‌ ही कहा जाता है, न असत्‌ ही॥13॥ 

अर्थात् अब मैं उस परम ज्ञेय तत्त्व के बारे में बताता हूँ, जिसे जानकर मनुष्य अमृतस्वरूप परम अवस्था को प्राप्त करता है। वह अनादि परम ब्रह्म है, जिसे सामान्य अर्थ में केवल सत् या असत् की सीमाओं में नहीं बाँधा जा सकता।

श्लोक 14

उस परम तत्त्व की उपस्थिति हर ओर है। उसके हाथ-पैर, आँखें, सिर, मुख और कान मानो सभी दिशाओं में हैं। वह पूरे जगत को व्याप्त करके स्थित है।

वह सब ओर हाथ-पैर वाला, सब ओर नेत्र, सिर और मुख वाला तथा सब ओर कान वाला है, क्योंकि वह संसार में सबको व्याप्त करके स्थित है॥14॥ 

(आकाश जिस प्रकार वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी का कारण रूप होने से उनको व्याप्त करके स्थित है, वैसे ही परमात्मा भी सबका कारण रूप होने से सम्पूर्ण चराचर जगत को व्याप्त करके स्थित है।)

श्लोक 15

वह सभी इंद्रियों के विषयों को प्रकाशित करता है, फिर भी स्वयं इंद्रियों से परे है। वह आसक्ति रहित होते हुए भी सबका आधार है और प्रकृति के गुणों से परे होते हुए भी उनके अनुभव का साक्षी है।
 
वह सम्पूर्ण इन्द्रियों के विषयों को जानने वाला है, किन्तु वास्तव में सब इन्द्रियों से रहित है तथा आसक्ति रहित होने पर भी सबका धारण-पोषण करने वाला और निर्गुण होने पर भी गुणों को भोगने वाला है॥15॥ 

श्लोक 16

वह सभी प्राणियों के भीतर भी है और बाहर भी। वह चर और अचर दोनों में विद्यमान है। अत्यंत सूक्ष्म होने के कारण सामान्य इंद्रियों से उसे जानना कठिन है। वह दूर दिखाई देता है, फिर भी अत्यंत निकट है।

वह चराचर सब भूतों के बाहर-भीतर परिपूर्ण है और चर-अचर भी वही है. और वह सूक्ष्म होने से अविज्ञेय है तथा अति समीप में और दूर में भी स्थित वही है॥16॥ 
अविज्ञेय — जैसे सूर्य की किरणों में स्थित हुआ जल सूक्ष्म होने से साधारण मनुष्यों के जानने में नहीं आता है, वैसे ही सर्वव्यापी परमात्मा भी सूक्ष्म होने से साधारण मनुष्यों के जानने में नहीं आता है।

अति समीप — वह परमात्मा सर्वत्र परिपूर्ण और सबका आत्मा होने से अत्यंत समीप है।

बहुत दूर — श्रद्धारहित, अज्ञानी पुरुषों के लिए न जानने के कारण बहुत दूर है।

श्लोक 17

वह परम तत्त्व सभी प्राणियों में अविभाजित होकर स्थित है, फिर भी अलग-अलग दिखाई देता है। वही सभी प्राणियों का पालन करने वाला, सृष्टि को धारण करने वाला और उसके प्रकट होने तथा विलीन होने का आधार है।

वह परमात्मा विभागरहित एक रूप से आकाश के सदृश परिपूर्ण होने पर भी चराचर सम्पूर्ण भूतों में विभक्त-सा स्थित प्रतीत होता है तथा वह जानने योग्य परमात्मा विष्णुरूप से भूतों को धारण-पोषण करने वाला और रुद्ररूप से संहार करने वाला तथा ब्रह्मारूप से सबको उत्पन्न करने वाला है॥17॥ 

(जैसे महाकाश विभागरहित स्थित हुआ भी घड़ों में पृथक-पृथक के सदृश प्रतीत होता है, वैसे ही परमात्मा सब प्राणियों में एक रूप से स्थित हुआ भी पृथक-पृथक की भाँति प्रतीत होता है।) 

श्लोक 18

वह सभी प्रकाशों का भी परम प्रकाश है और अज्ञानरूपी अंधकार से परे है। वही ज्ञान है, वही जानने योग्य है और वही ज्ञान के द्वारा प्राप्त होने वाला परम लक्ष्य है। वह सभी के हृदय में स्थित है।

वह परब्रह्म ज्योतियों का भी ज्योति एवं माया से अत्यंत परे कहा जाता है. वह परमात्मा बोधस्वरूप, जानने के योग्य एवं तत्वज्ञान से प्राप्त करने योग्य है और सबके हृदय में विशेष रूप से स्थित है॥18॥ 

(गीता अध्याय 15 श्लोक 12 में देखें)

प्रकृति और पुरुष

श्लोक 19

इस प्रकार संक्षेप में क्षेत्र, ज्ञान और ज्ञेय का वर्णन किया गया। जो मेरा भक्त इन बातों को वास्तविक रूप से समझ लेता है, वह मेरे परम स्वरूप को प्राप्त होने के योग्य बनता है॥19॥ 

श्लोक 20

प्रकृति और पुरुष, इन दोनों को तुम को अनादि जानो। शरीर और संसार में दिखाई देने वाले परिवर्तन तथा तीनों गुण प्रकृति से उत्पन्न होते हैं। राग-द्वेषादि विकारों को तथा त्रिगुणात्मक सम्पूर्ण पदार्थों को भी प्रकृति से ही उत्पन्न जानो॥20॥
क्षेत्र को प्रकृति कार्य, जड़, विकारी, अनित्य और नाशवान् समझना, ज्ञान के साधनों को भलीभाँति धारण करना और उसके द्वारा भगवान के निर्गुण-सगुण रूप को भलीभाँति समझ लेना, यही क्षेत्र, ज्ञान और ज्ञेय को जानना है तथा उस ज्ञेयस्वरूप परमात्मा को प्राप्त हो जाना ही भगवान के स्वरूपों को प्राप्त हो जाना है।

श्लोक 21

शरीर और उसके कार्य-कारण के स्तर पर प्रकृति को कारण कहा जाता है, जबकि सुख और दुःख के अनुभव के संदर्भ में पुरुष को भोक्ता कहा जाता है।

कार्य और करण को उत्पन्न करने में हेतु प्रकृति कही जाती है और जीवात्मा सुख-दुःख को भोगने में हेतु कहा जाता है॥21॥
कार्य — आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी तथा शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध- इनका नाम 'कार्य' है।

करण — बुद्धि, अहंकार और मन तथा श्रोत्र, त्वचा, रसना, नेत्र और घ्राण एवं वाक्‌, हस्त, पाद (पैर), उपस्थ और गुदा- इन 13 का नाम 'करण' है।

श्लोक 22

प्रकृति में स्थित पुरुष प्रकृति से उत्पन्न गुणों का अनुभव करता है। इन गुणों के साथ उसका संबंध ही उसके विभिन्न प्रकार के जन्मों का कारण बनता है।

प्रकृति में स्थित ही पुरुष प्रकृति से उत्पन्न त्रिगुणात्मक पदार्थों को भोगता है और इन गुणों का संग ही इस जीवात्मा के अच्छी-बुरी योनियों में जन्म लेने का कारण है॥22॥
प्रकृति शब्द का अर्थ गीता अध्याय 7 श्लोक 14 में कही हुई भगवान की त्रिगुणमयी माया समझना चाहिए।

सत्त्वगुण के संग से देवयोनि में एवं रजोगुण के संग से मनुष्य योनि में और तमो गुण के संग से पशु आदि नीच योनियों में जन्म होता है।
मनुष्य से लेकर ऊँची जितनी भी देव आदि योनियाँ हैं, सब सत्-योनियाँ हैं और मनुष्य से नीची जितनी भी पशु, पक्षी, वृक्ष, लता आदि योनियाँ हैं, वे असत् हैं।

सत्त्व, रज और तम, इन तीनों गुणों के साथ जो जीव का अनादिसिद्ध संबंध है एवं उनके कार्य रूप सांसारिक पदार्थों में जो आसक्ति होगी, उसकी वैसी ही वासना होगी, वासना के अनुसार ही अंतकाल में स्मृति होगी और उसी के अनुसार उसे पुनर्जन्म प्राप्त होगा।

इसीलिये यहाँ अच्छी-बुरी योनियों की प्राप्ति में गुणों के संग को कारण बतलाया गया है।

श्लोक 23

इस शरीर में स्थित परम पुरुष साक्षी, अनुमति देने वाला, पालन करने वाला और परम अनुभवकर्ता है। उसे महेश्वर और परमात्मा भी कहा गया है।

इस देह में स्थित यह आत्मा वास्तव में परमात्मा ही है. वह साक्षी होने से उपद्रष्टा और यथार्थ सम्मति देने वाला होने से अनुमन्ता (अनुमति देने वाला), सबका धारण-पोषण करने वाला होने से भर्ता, जीवरूप से भोक्ता, ब्रह्मा आदि का भी स्वामी होने से महेश्वर और शुद्ध सच्चिदानन्दघन होने से परमात्मा- ऐसा कहा गया है॥23॥ 

श्लोक 24

जो मनुष्य पुरुष और उसके साथ प्रकृति तथा उसके गुणों के संबंध को सही रूप से समझ लेता है, वह संसार में अपने कर्तव्यों को करते हुए भी फिर से जन्म के बंधन में नहीं पड़ता।
 
इस प्रकार पुरुष को और गुणों के सहित प्रकृति को जो मनुष्य तत्व से जानता है वह सब प्रकार से कर्तव्य कर्म करता हुआ भी फिर नहीं जन्मता॥24॥ 
तत्व से जानना — दृश्यमात्र सम्पूर्ण जगत माया का कार्य होने से क्षणभंगुर, नाशवान, जड़ और अनित्य है तथा जीवात्मा नित्य, चेतन, निर्विकार और अविनाशी एवं शुद्ध, बोधस्वरूप, सच्चिदानन्दघन परमात्मा का ही सनातन अंश है, इस प्रकार समझकर सम्पूर्ण मायिक पदार्थों (माया से बना हुआ) के संग का सर्वथा त्याग करके परम पुरुष परमात्मा में ही एकीभाव से नित्य स्थित रहने का नाम उनको 'तत्व से जानना' है।

 श्लोक 25

कुछ साधक ध्यान के द्वारा अपने भीतर आत्मा का अनुभव करते हैं। दूसरे ज्ञान और विवेक के मार्ग से उसे समझते हैं, जबकि कुछ कर्मयोग के माध्यम से उस सत्य की ओर बढ़ते हैं।

उस परमात्मा को कितने ही मनुष्य तो शुद्ध हुई सूक्ष्म बुद्धि से ध्यान द्वारा हृदय में देखते हैं, अन्य कितने ही ज्ञानयोग द्वारा और दूसरे कितने ही कर्मयोग द्वारा देखते हैं अर्थात प्राप्त करते हैं॥25॥ 
  • शुद्ध हुई सूक्ष्म बुद्धि से ध्यान — गीता अध्याय 6 में श्लोक 11 से 32 तक
  • ज्ञानयोग — गीता अध्याय 2 में श्लोक 11 से 30
  • कर्मयोग — गीता अध्याय 2 में श्लोक 40

श्लोक 26

कुछ लोग इन मार्गों को स्वयं पूरी तरह समझ नहीं पाते, लेकिन ज्ञानी लोगों से सुनकर श्रद्धापूर्वक साधना करते हैं। वे भी सत्य के प्रति समर्पित होकर मृत्यु और संसार के बंधन से ऊपर उठ सकते हैं।

दूसरे शब्दों में,

किन्तु इनसे दूसरे अर्थात जो मंदबुद्धि वाले पुरुष हैं, वे इस प्रकार न जानते हुए दूसरों से अर्थात तत्व के जानने वाले पुरुषों से सुनकर ही तदनुसार उपासना करते हैं और वे श्रवणपरायण पुरुष भी मृत्युरूप संसार-सागर को निःसंदेह तर जाते हैं॥26॥

सभी प्राणियों में एक ही परम तत्त्व 

श्लोक 27

हे अर्जुन! जितने भी स्थावर-जंगम प्राणी उत्पन्न होते हैं, उन सबको तुम क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ के संयोग से ही उत्पन्न जानो॥27॥

अर्थात्

हे भरतश्रेष्ठ! संसार में जो भी चर या अचर प्राणी उत्पन्न होते हैं, उनके अस्तित्व में क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ का संबंध कार्य करता है।

श्लोक 28

जो पुरुष नष्ट होते हुए सब चराचर भूतों में परमेश्वर को नाशरहित और समभाव से स्थित देखता है वही यथार्थ देखता है॥28॥ 

अर्थात् 

जो व्यक्ति नष्ट होने वाले सभी प्राणियों में समान रूप से स्थित अविनाशी परमेश्वर को देखता है, वही वास्तव में सही दृष्टि से देखता है।

श्लोक 29

जो हर जगह परमात्मा को समान रूप से स्थित देखता है, वह किसी अन्य प्राणी को वास्तव में अपने से अलग नहीं मानता। ऐसी दृष्टि उसे परम अवस्था की ओर ले जाती है।

क्योंकि जो पुरुष सबमें समभाव से स्थित परमेश्वर को समान देखता हुआ अपने द्वारा अपने को नष्ट नहीं करता, इससे वह परम गति को प्राप्त होता है॥29॥ 

श्लोक 30

जो व्यक्ति यह समझता है कि प्रकृति ही अपने गुणों के अनुसार सभी कर्म कर रही है और आत्मा मूल रूप से इन कर्मों की साक्षी है, वही वास्तविकता को सही ढंग से देखता है।

अर्थात् जो पुरुष सम्पूर्ण कर्मों को सब प्रकार से प्रकृति द्वारा ही किए जाते हुए देखता है और आत्मा को अकर्ता देखता है, वही यथार्थ देखता है॥30॥ 

श्लोक 31

जब मनुष्य अनेक प्रकार के प्राणियों के अलग-अलग दिखाई देने वाले अस्तित्व के पीछे एक ही परम तत्त्व को देखता है और समझता है कि उसी से यह विविधता प्रकट हुई है, तब वह ब्रह्म को जानने की अवस्था को प्राप्त होता है।

जिस क्षण यह पुरुष भूतों (सब प्रकार के प्राणी) के पृथक-पृथक भाव को एक परमात्मा में ही स्थित तथा उस परमात्मा से ही सम्पूर्ण भूतों का विस्तार देखता है, उसी क्षण वह सच्चिदानन्दघन ब्रह्म को प्राप्त हो जाता है॥31॥ 

श्लोक 32

हे कौन्तेय! परमात्मा अनादि, अविनाशी और प्रकृति के गुणों से परे है। शरीर में स्थित होने पर भी वह स्वयं कर्मों से बंधता या उनके दोषों से लिप्त नहीं होता।

हे अर्जुन! अनादि होने से और निर्गुण होने से यह अविनाशी परमात्मा शरीर में स्थित होने पर भी वास्तव में न तो कुछ करता है और न लिप्त ही होता है॥32॥ 

श्लोक 33

जिस प्रकार आकाश हर जगह होते हुए भी अत्यंत सूक्ष्म होने के कारण किसी वस्तु के दोष से लिप्त नहीं होता, उसी प्रकार शरीर में स्थित आत्मा भी शरीर के कर्मों से लिप्त नहीं होती।

जिस प्रकार सर्वत्र व्याप्त आकाश सूक्ष्म होने के कारण लिप्त नहीं होता, वैसे ही देह में सर्वत्र स्थित आत्मा निर्गुण होने के कारण देह के गुणों से लिप्त नहीं होती॥33॥ 

श्लोक 34

हे भारत! जिस प्रकार एक सूर्य पूरे संसार को प्रकाशित करता है, उसी प्रकार क्षेत्रज्ञ इस पूरे क्षेत्र अर्थात शरीर और उसके अनुभवों को चेतना प्रदान करता है।

अर्थात् अर्जुन! जिस प्रकार एक ही सूर्य इस सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड को प्रकाशित करता है, उसी प्रकार एक ही आत्मा सम्पूर्ण क्षेत्र को प्रकाशित करता है॥34॥ 

श्लोक 35

जो व्यक्ति ज्ञानरूपी दृष्टि से क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ के अंतर को समझ लेता है तथा प्रकृति के बंधन से मुक्ति के मार्ग को जान लेता है, वह परम सत्य को प्राप्त होता है।

इस प्रकार क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ के भेद को (क्षेत्र को जड़, विकारी, क्षणिक और नाशवान तथा क्षेत्रज्ञ को नित्य, चेतन, अविकारी और अविनाशी जानना ही 'उनके भेद को जानना' है) तथा कार्य सहित प्रकृति से मुक्त होने को जो पुरुष ज्ञान नेत्रों द्वारा तत्व से जानते हैं, वे महात्माजन परम ब्रह्म परमात्मा को प्राप्त होते हैं॥35॥

भगवद्गीता अध्याय 13 का सार

अध्याय 13 का मूल संदेश बहुत सरल शब्दों में समझें तो:

शरीर हमारा “क्षेत्र” है, लेकिन हम केवल शरीर नहीं हैं। इस शरीर, मन, इंद्रियों और उनके अनुभवों को जानने वाली चेतना “क्षेत्रज्ञ” है।

भगवान श्रीकृष्ण आगे बताते हैं कि:

  • शरीर और उससे जुड़े परिवर्तन प्रकृति के क्षेत्र में आते हैं।
  • आत्मतत्त्व शरीर के परिवर्तनों से अलग है।
  • अहंकार, आसक्ति और इंद्रिय-विषयों में अत्यधिक लगाव व्यक्ति को बंधन में रखते हैं।
  • विनम्रता, अहिंसा, क्षमा, आत्मसंयम और आत्मज्ञान की खोज ज्ञान के महत्वपूर्ण साधन हैं।
  • परम तत्त्व सभी प्राणियों में समान रूप से स्थित है।
  • जो व्यक्ति सभी प्राणियों में एक ही परमात्मा को देखता है, उसकी दृष्टि व्यापक और समदर्शी होती है।
  • प्रकृति अपने गुणों के अनुसार कार्य करती है, जबकि आत्मा को साक्षी रूप में समझाया गया है।
  • क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ का विवेक आत्मज्ञान और मुक्ति की दिशा में महत्वपूर्ण है।

अध्याय 13 का सबसे महत्वपूर्ण विचार

“मैं यह शरीर नहीं हूँ—मैं उस चेतना को जानने की कोशिश कर सकता हूँ जो शरीर, मन और अनुभवों की साक्षी है।”

यह वाक्य श्लोक का शाब्दिक अनुवाद नहीं है, बल्कि अध्याय के केंद्रीय दार्शनिक विचार को आधुनिक और सरल भाषा में समझाने का तरीका है।


अध्याय 13 में बताए गए ज्ञान के प्रमुख गुण

गुण सरल अर्थ
अमानित्व अहंकारपूर्ण श्रेष्ठता का अभाव
अदम्भित्व दिखावा न करना
अहिंसा किसी को अनावश्यक पीड़ा न देना
क्षान्ति क्षमा और सहनशीलता
आर्जव सरल और सीधा व्यवहार
आचार्योपासनम् गुरु/आचार्य के प्रति सम्मान और सेवा
शौच बाहरी और आंतरिक शुद्धता
स्थैर्य साधना में दृढ़ता
आत्मविनिग्रह आत्मसंयम
वैराग्य इंद्रिय-विषयों में अत्यधिक आसक्ति का अभाव
अनहंकार “मैं ही सब कुछ हूँ” वाले अहंभाव का त्याग
समचित्तता अनुकूल और प्रतिकूल परिस्थितियों में संतुलन
अनन्य भक्ति परमात्मा के प्रति एकनिष्ठ श्रद्धा

इन गुणों का उल्लेख मुख्यतः श्लोक 8–12 में ज्ञान के साधनों के रूप में आता है।


क्षेत्र के 24 तत्त्व — एक महत्वपूर्ण तथ्य

श्लोक 6 और 7 की व्याख्या में क्षेत्र से संबंधित तत्त्वों का वर्णन मिलता है। सांख्य परंपरा के संदर्भ में इन्हें सामान्यतः 24 तत्त्वों के रूप में समझाया जाता है।

क्रम तत्त्व
1 प्रकृति
2 बुद्धि
3 अहंकार
4–8 पाँच महाभूत
9–18 दस इंद्रियाँ
19 मन
20–24 पाँच इंद्रिय-विषय

पाँच महाभूत: पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश।

पाँच ज्ञानेंद्रियाँ: कान, त्वचा, आँख, जीभ और नाक।

पाँच कर्मेंद्रियाँ: वाणी, हाथ, पैर, पायु और उपस्थ।

पाँच इंद्रिय-विषय: शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंध।

ध्यान दें: यह 24-तत्त्वों की व्याख्या सांख्य-दर्शन की पारंपरिक व्याख्या से जुड़ी है; श्लोक 6 स्वयं इनका पूरा क्रमांकित वर्गीकरण नहीं देता। इसलिए इसे “सांख्य परंपरा के अनुसार क्षेत्र के 24 तत्त्व” कहना अधिक उचित है।


प्रकृति और पुरुष में अंतर

प्रकृति पुरुष
परिवर्तनशील प्रकृति चेतन तत्त्व
शरीर और उसके तत्त्वों से संबंधित उनका साक्षी
तीन गुणों से संबंधित गुणों से परे
कार्य-कारण के स्तर पर सक्रिय अनुभव का साक्षी/भोक्ता
संसार के विविध रूपों से संबंधित आत्मतत्त्व से संबंधित

यह तालिका अध्याय के दार्शनिक विचार को सरल बनाने के लिए है; विभिन्न वेदांत और सांख्य परंपराएँ पुरुष, आत्मा, क्षेत्रज्ञ और परमात्मा के संबंध की व्याख्या अलग-अलग ढंग से करती हैं।


भगवद्गीता अध्याय 13 से मिलने वाली जीवन-शिक्षाएँ

1. शरीर और स्वयं में अंतर समझना

हम अक्सर अपनी पहचान शरीर, पद, धन, उम्र या सामाजिक भूमिका से जोड़ लेते हैं। अध्याय 13 व्यक्ति को इससे आगे जाकर अपने वास्तविक स्वरूप पर विचार करने के लिए प्रेरित करता है।

2. अहंकार कम करना

ज्ञान केवल बहुत-सी जानकारी जमा करना नहीं है। गीता के अनुसार विनम्रता और अदम्भित्व भी ज्ञान की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

3. परिस्थितियों में संतुलन

सुख और दुःख, लाभ और हानि जैसी परिस्थितियों में मन का संतुलन बनाए रखना आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

4. सभी में समान परम तत्त्व देखना

अध्याय 13 का समदर्शिता का विचार व्यक्ति को दूसरों के प्रति अधिक सम्मान और संवेदनशीलता की ओर ले जाता है।

5. आत्मचिंतन

सबसे महत्वपूर्ण प्रश्नों में से एक है—

“मैं कौन हूँ?”

अध्याय 13 इस प्रश्न को केवल बौद्धिक चर्चा नहीं रहने देता, बल्कि आत्मज्ञान की दिशा में ले जाता है।


निष्कर्ष

भगवद्गीता का अध्याय 13, क्षेत्र-क्षेत्रज्ञ विभाग योग, आत्मज्ञान और विवेक का अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय है।

इसमें भगवान श्रीकृष्ण शरीर को क्षेत्र, शरीर को जानने वाले को क्षेत्रज्ञ, तथा प्रकृति और पुरुष के संबंध को विस्तार से समझाते हैं। साथ ही वे बताते हैं कि वास्तविक ज्ञान केवल पुस्तकीय जानकारी नहीं, बल्कि विनम्रता, अहिंसा, आत्मसंयम, वैराग्य, समभाव और परम सत्य की खोज से जुड़ा है।

अध्याय का अंतिम संदेश यही है कि जो व्यक्ति क्षेत्र और क्षेत्रज्ञ के अंतर को ज्ञान की दृष्टि से समझता है, वह प्रकृति के बंधन से ऊपर उठकर परम तत्त्व की ओर अग्रसर होता है।

Comic Bhagavad Gita Chapter 13 | Gita Adhyay 13 | Kshetra Kshetrajna Vibhaga Yoga

भगवद्गीता के अन्य अध्याय भी पढ़ें

अगर आप पूरी भगवद्गीता को अध्याय-दर-अध्याय सरल हिंदी में पढ़ना चाहते हैं, तो हमारे भगवद्गीता के 18 अध्यायों के संपूर्ण परिचय से शुरुआत कर सकते हैं।

एक जगह से सभी अध्याय पढ़ने के लिए:

  1. अध्याय 1 — अर्जुनविषाद योग
  2. अध्याय 2 — सांख्य योग
  3. अध्याय 3 — कर्म योग
  4. अध्याय 4 — ज्ञानकर्मसंन्यास योग
  5. अध्याय 5 — सांख्य योग और कर्म योग
  6. अध्याय 6 — आत्मसंयम योग
  7. अध्याय 7 — ज्ञानविज्ञान योग
  8. अध्याय 8 — अक्षरब्रह्म योग
  9. अध्याय 9 — राजविद्या राजगुह्य योग
  10. अध्याय 10 — विभूति योग
  11. अध्याय 11 — विश्वरूपदर्शन योग
  12. अध्याय 12 — भक्तियोग
  13. अध्याय 13 — क्षेत्रक्षेत्रज्ञविभाग योग
  14. अध्याय 14 — गुणत्रयविभाग योग
  15. अध्याय 15 — पुरुषोत्तम योग
  16. अध्याय 16 — दैवासुरसम्पद्विभाग योग
  17. अध्याय 17 — श्रद्धात्रयविभाग योग
  18. अध्याय 18 — मोक्षसंन्यास योग

संदर्भ और स्रोत

इस लेख में भगवद्गीता के मूल संस्कृत श्लोक, उनकी हिंदी व्याख्या और गीता-अध्ययन के संदर्भ में गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित स्वामी रामसुखदास जी की श्रीमद्भगवद्गीता साधक-संजीवनी एक महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ है। 

गीता प्रेस के आधिकारिक विवरण के अनुसार इसमें मूल संस्कृत श्लोकों के साथ हिंदी अर्थ और विस्तृत टीका दी गई है। 
इसके अलावा गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित गीता तत्त्वविवेचनी में भी मूल संस्कृत श्लोकों के साथ हिंदी व्याख्या उपलब्ध है। 

About the Author

Sonam Agarwal

LLB | Media Professional | Research-Driven Writer on Sanatan Dharma, Indian Culture, Science, Law.


वे सनातन धर्म, भगवद्गीता, हिंदू धर्म, भारतीय संस्कृति, विज्ञान, खगोल विज्ञान, कानून और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों पर research-based articles लिखती हैं। अब तक वे 500 से अधिक लेख लिख चुकी हैं।

सनातन धर्म और भगवद्गीता से संबंधित लेखों में उनका विशेष ध्यान मूल ग्रंथों, प्रामाणिक टीकाओं और विश्वसनीय संदर्भों के आधार पर जानकारी को सरल और सामान्य पाठकों के लिए समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करने पर रहता है।

उनका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को बिना अनावश्यक जटिलता के प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक उनके मूल विचारों को सही संदर्भ में समझ सकें।

Author at Prinsli.com



Tags: भगवद्गीता अध्याय 13 के संस्कृत श्लोक हिंदी अर्थ के साथ, गीता अध्याय 13, Bhagavad Gita Chapter 13

Post a Comment

Previous Post Next Post