What are Quantum Theory and String Theory and what are the Differences between Them?

What are quantum theory and string theory and what are the differences between them? क्वांटम थ्योरी और स्ट्रिंग थ्योरी क्या है और इन दोनों में क्या अंतर है?

What are quantum theory and string theory and what are the differences between them? क्वांटम थ्योरी और स्ट्रिंग थ्योरी क्या है और इन दोनों में क्या अंतर है?

(A) क्वांटम थ्योरी क्या है? (Quantum Theory)

क्वांटम भौतिकी हमारे जीवन को हर दिन प्रभावित करती है। हमारे आस-पास की हर भौतिक चीज पदार्थ (Matter) से बनी है, चाहे हम जिस हवा में साँस लेते हैं, या हम जो पानी पीते हैं, यहाँ तक कि हमारा अपना शरीर भी पदार्थ से बना है। अपने सबसे छोटे मापनीय रूप में, पदार्थ परमाणुओं से बना होता है। परमाणुओं के भीतर और भी छोटे कण होते हैं जिन्हें इलेक्ट्रॉन, प्रोटॉन और न्यूट्रॉन कहते हैं, और प्रोटॉन और न्यूट्रॉन पदार्थ की और भी छोटी इकाइयों से बने होते हैं जिन्हें क्वार्क कहते हैं।

क्वांटम भौतिकी इन अत्यंत सूक्ष्म परमाणु कणों और क्वार्कों का अध्ययन है। क्वांटम का उद्देश्य इन सूक्ष्म कणों के माध्यम से ऊर्जा और पदार्थ की प्रकृति को समझना है ताकि हम अपने आसपास की दुनिया को बेहतर ढंग से समझ सकें और क्वांटम सिद्धांतों को वास्तविक दुनिया के तकनीकी समाधानों पर लागू कर सकें।

क्वांटम थ्योरी बताती है कि ब्रह्मांड की सबसे छोटी वस्तुएं जैसे इलेक्ट्रॉन, फोटॉन, क्वार्क आदि कैसे काम करती हैं। सरल भाषा में, सूक्ष्म स्तर पर दुनिया हमारी सोच से बिल्कुल अलग होती है। वहाँ चीजें एक साथ कई जगह हो सकती हैं, कण तरंग भी हो सकता है और कण भी, कुछ भी निश्चित नहीं, सब संभावनाएँ हैं। छोटे स्तर पर (सूक्ष्म स्तर पर) प्रकृति के नियम बदल जाते हैं।

क्वांटम थ्योरी के मुख्य सिद्धांत

हर कण एक साथ कण भी है और तरंग भी है। जैसे इलेक्ट्रॉन कभी-कण है, कभी-तरंग। फोटॉन (प्रकाश का कण) एक-एक करके भी फेंको, तब भी तरंग जैसा पैटर्न बनाता है। यह प्रकृति का मूल स्वभाव है। 

कुछ भी निश्चित नहीं होता। किसी वस्तु की जगह और गति को एकसाथ बिल्कुल सटीक नहीं जान सकते। इसे Uncertainty Principle कहते हैं।

कण संभावनाओं के रूप में होते हैं। अर्थात् कण तब तक कहीं नहीं होता, जब तक उसे देखा या मापा ना जाए। यानी देखने से वास्तविकता बनती है।

कण एक साथ दो अवस्थाओं में हो सकते हैं (जिसे Superposition कहते हैं)। जैसे इलेक्ट्रॉन एक साथ यहाँ भी, और वहाँ भी, और बीच में भी सभी जगहों पर "हो सकता है", जब तक कि आप उसे देख न लें। जैसे आपने सिक्का उछाला, तो जब तक आप उसे देखते नहीं, वह एक साथ हेड भी है और टेल भी। जैसे ही आप देखते हैं, वह एक रूप चुन लेता है।

दो कण आपस में जुड़ सकते हैं (Entanglement)। अगर एक कण को छुओ, तो दूसरा कण चाहे ब्रह्मांड के दूसरे छोर पर हो, तुरंत प्रतिक्रिया देता है। Einstein इसे spooky action at a distance कहते थे।

क्वांटम में कण को देखते ही उसका व्यवहार बदल जाता है। जैसे इलेक्ट्रॉन को देखने के लिए आपको प्रकाश फेंकना पड़ेगा। जैसे ही प्रकाश (फोटॉन) उस पर टकराता है, इलेक्ट्रॉन की स्थिति बदल जाती है। यानी कण यह देखकर अपना व्यवहार बदल देता है कि उसे देखा जा रहा है।

(जब आप इलेक्ट्रॉन पर प्रकाश डालते हैं, तो प्रकाश केवल रोशनी नहीं है, वह फोटॉन नाम के छोटे-छोटे कणों से बना होता है। जब आप इलेक्ट्रॉन को देखने के लिए प्रकाश (फोटॉन) डालते हैं, यह फोटॉन इलेक्ट्रॉन से टकराता है। और जब दो कण टकराते हैं, तो दिशा बदल सकती है, गति बदल सकती है, ऊर्जा बदल सकती है, इसीलिए इलेक्ट्रॉन "बदल" जाता है। इलेक्ट्रॉन इतना सूक्ष्म और हल्का है कि फोटॉन का छोटा सा धक्का भी उसे हिला देता है। आप इलेक्ट्रॉन को बिना छुए देख ही नहीं सकते, क्योंकि देखने के लिए आपको फोटॉन भेजना ही पड़ेगा, वह फोटॉन इलेक्ट्रॉन को टकराए बिना वापस आपकी आंख तक नहीं आएगा। इसलिए देखते ही इलेक्ट्रॉन बदलेगा, क्योंकि उसे देखने के लिए आप पहले ही उसे हिला चुके हैं।)

किसी कण को पूरी तरह जानना असंभव है। आप किसी कण का स्थान (कहां है), वेग (कितनी तेजी से चल रहा है), दोनों चीजें एक साथ बिल्कुल सटीक नहीं जान सकते। जैसे मान लीजिए एक तेज चलती कार है। आप एक ही समय में उसके exact speed और exact position एक साथ नहीं जान सकते। क्वांटम में यह कोई "गलती" नहीं है, यह प्रकृति का नियम है।

अगर दो कण Entangled हो जाएँ, तो उनमें से एक की अवस्था बदलने पर, दूसरे की अवस्था तुरंत बदल जाती है। चाहे वे एक कमरे में हों, या एक शहर में या ब्रह्मांड के दो छोर पर!

जैसे मान लीजिए कि इलेक्ट्रॉन एक "रहस्यमय व्यक्ति" की तरह है। वह चाहता है कि आप उसे न देखें, इसलिए वह एक साथ कई जगह घूमता है (Superposition)। लेकिन जैसे ही आप उसे देखते हैं, वह "इकट्ठा" होकर एक स्थान पर आ जाता है। वह कभी-कभी हवा की तरह फैल जाता है (Wave), और कभी-कभी दाने की तरह दिखता है (Particle)। उसका दोस्त इलेक्ट्रॉन किसी और गैलेक्सी में भी हो, फिर भी दोनों instantly बात कर लेते हैं (Entanglement)।

क्वांटम सिद्धांत से इलेक्ट्रॉनिक्स, लेजर्स, मोबाइल, कंप्यूटर, MRI मशीन, GPS, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बने हैं। कुल मिलाकर आधुनिक दुनिया क्वांटम पर खड़ी है।

------------------------------------------------------------------

(B) स्ट्रिंग थ्योरी क्या है? (String Theory)

स्ट्रिंग थ्योरी एक कल्पना + गणितीय सिद्धांत है जो यह कहता है कि प्रोटॉन, न्यूट्रॉन, इलेक्ट्रॉन, क्वार्क… ये सब छोटे-छोटे ठोस कण नहीं हैं, बल्कि वास्तव में यह कंपन करती हुई बेहद सूक्ष्म स्ट्रिंग्स (धागे) हैं। यानी ब्रह्मांड की सबसे छोटी वस्तु कंपन करती हुई ऊर्जा की स्ट्रिंग है। पूरा ब्रह्मांड "वाइब्रेशन" से बना है।

जैसे सितार का तार गिटार का तार, वीणा की तार। अगर तार को अलग-अलग तरह से बजाओ तो अलग ध्वनियाँ मिलती हैं। उसी तरह स्ट्रिंग अलग-अलग तरीके से कंपन करे तो अलग-अलग कण (Particles) बनते हैं। स्ट्रिंग अलग तरह से कंपन करे तो इलेक्ट्रॉन बनते हैं, दूसरी तरह से कंपन करे तो क्वार्क बन जाते हैं, और दूसरी तरह से कंपन करें तो फोटॉन बन जाते हैं। यानी यही कंपन ब्रह्मांड के अलग-अलग कण हैं।

यानी कण अलग-अलग इसलिए नहीं हैं कि वे अलग वस्तु से बने हैं, बल्कि इसलिए कि उनकी कंपन अलग-अलग है। तो स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि पूरा Universe एक विशाल vibration network है। आप, मैं, तारे, ग्रह, प्रकाश, गुरुत्वाकर्षण, बिजली, चुंबकत्व सब vibration से बने हैं। जैसे एक संगीत में अलग-अलग सुर मिलकर एक सुंदर धुन बनाते हैं।

कंपन → कण → परमाणु → अणु → पदार्थ

स्ट्रिंग का मुख्य विचार है कि सब कुछ कंपन है। ब्रह्मांड में 11 आयाम होते हैं। हम 3 आयाम (लंबाई, चौड़ाई, ऊँचाई) + समय जानते हैं। स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि कुल 11 dimensions हैं, बाकी 7 आयाम बहुत सूक्ष्म हैं।

------------------------------------------------------------

क्वांटम थ्योरी और स्ट्रिंग थ्योरी में अंतर

जब हम बहुत छोटे कणों की दुनिया (जैसे परमाणु, इलेक्ट्रॉन, फोटॉन आदि) को समझने की कोशिश करते हैं, तो वहाँ न्यूटन का क्लासिकल साइंस काम नहीं करता। वहां क्वांटम थ्योरी काम आती है।

जैसे हम सोचते हैं कि कोई वस्तु एक बार में एक ही जगह हो सकती है। लेकिन एक छोटा कण, जैसे इलेक्ट्रॉन, एक साथ दो जगह हो सकता है, या उसकी स्थिति अनिश्चित हो सकती है। यह बहुत अजीब लगता है, लेकिन यह सच है और इसे ही क्वांटम फिजिक्स कहा जाता है। जैसे कोई जादू की गेंद हो, जो एक ही समय में एक जगह भी है और दूसरी जगह भी!

दुनिया का हर कण संभावनाओं से बना है। जब तक आप किसी चीज को देखते नहीं, तब तक उसकी स्थिति तय नहीं होती। क्वांटम दुनिया में चीजें अलग तरह से व्यवहार करती हैं।

वहीं, स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि हर कण, चाहे वह इलेक्ट्रॉन हो या फोटॉन, असल में कोई ठोस बिंदु नहीं हैं, बल्कि एक बहुत छोटी डोरी (string) हैं जो कांप रही हैं। जैसे मान लीजिए आपके पास एक बहुत ही बारीक रबर बैंड हो, जो कम्पन करता है। अगर वह तेजी से कम्पन करे तो वह इलेक्ट्रॉन बन जाता है। अगर वह धीरे से कम्पन करे तो वह प्रोटॉन बन जाता है। यानी, सारे कण एक ही चीज से बने हैं, बस उनकी कंपन अलग-अलग है। जैसे गिटार की तारें अलग-अलग सुर में बजती हैं, वैसे ही ये स्ट्रिंग्स अलग-अलग कण बनाती हैं।

स्ट्रिंग थ्योरी एक कोशिश है सारे ब्रह्मांड को एक ही नियम से समझने की। ये गुरुत्वाकर्षण (gravity), क्वांटम फिजिक्स, और ब्रह्मांड के सारे नियमों को जोड़ने की कोशिश करती है। इसमें कहा गया है कि दुनिया केवल 3D (तीन डायमेंशन) नहीं, बल्कि 10 या 11 डायमेंशन में बनी हो सकती है।

क्वांटम थ्योरी कहती है कि दुनिया अनिश्चित है। कणों का व्यवहार जादू जैसा होता है। जबकि स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि दुनिया एक संगीत की तरह है, जिसमें हर चीज एक ही तार (string) से बनी है, बस उसका सुर (vibration) अलग-अलग है।

क्वांटम थ्योरी यह बताती है कण कैसे व्यवहार करते हैं। जबकि स्ट्रिंग थ्योरी यह बताती है कण वास्तव में क्या हैं। क्वांटम थ्योरी कहती है कि ब्रह्मांड की हर चीज संभावनाएँ, तरंगें, और अनिश्चितता है। जबकि स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि ब्रह्मांड की हर चीज छोटे-छोटे कंपन करते धागों से बनी है। 

क्वांटम = व्यवहार, और स्ट्रिंग = संरचना। क्वांटम थ्योरी 100% प्रमाणित है, लेकिन स्ट्रिंग थ्योरी अब तक अप्रमाणित है (न तो सही, न गलत सिद्ध हुई है। खोज जारी है)। लेकिन स्ट्रिंग थ्योरी ब्रह्मांड की अंतिम सच्चाई खोजने का सबसे गहरा मॉडल माना जाता है।

Quantum Physics के अनुसार अब तक खोजे गए सबसे छोटे कण (particles) हैं -- क्वार्क (Quark), जो प्रोटॉन और न्यूट्रॉन के भीतर होते हैं। लेप्टॉन (Lepton), जैसे इलेक्ट्रॉन। लेकिन String Theory कहती है कि इन सबसे भी छोटा होता है String, एक कंपन करती हुई लहर जैसी रेखा। यानी, string ही सबसे सूक्ष्म इकाई मानी जाती है, यह इतनी छोटी होती है कि किसी भी आधुनिक यंत्र से नहीं देखी जा सकती।

स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि हम 11 dimensions वाले एक विशाल ढांचे का हिस्सा हैं। इसमें कई parallel universes (समानांतर ब्रह्मांड) हो सकते हैं। जबकि Quantum Superposition कहता है कि हर "संभावना" एक नया ब्रह्मांड बना सकती है। जैसे आपने A चुना, तो वह एक ब्रह्मांड बना, लेकिन अगर आप B चुनते, तो एक और ब्रह्मांड बन जाता।

------------------------------------------------------------

कंपन क्या है? (What is Vibration)?

कंपन का अर्थ है, किसी वस्तु या कण का आवागमन यानी आगे-पीछे या ऊपर-नीचे का दोहरावपूर्ण गति करना। जब कोई वस्तु अपनी स्थिति से हटकर बार-बार उसी स्थिति के आसपास गति करती है, तो उसे कंपन कहा जाता है। सरल शब्दों में, जब कोई वस्तु हिलती-डुलती है और फिर अपनी जगह पर लौट आती है, तो यह कंपन है।

कंपन कैसे बनता है?

कंपन का मूल कारण है, ऊर्जा। कंपन (vibration) ऊर्जा का ही एक व्यवहार है, कोई अलग वस्तु नहीं। कंपन ऊर्जा का गुण है। जैसे गर्मी ऊर्जा का गुण है। कंपन ऊर्जा का तरंग रूप है। इसलिए ऊर्जा मूल तत्व है और कंपन ऊर्जा का व्यवहार है।

जब किसी वस्तु को ऊर्जा दी जाती है (जैसे कि ठोका जाए, रगड़ा जाए, या उस पर हवा या ध्वनि डाली जाए), तो उसमें संतुलन बिगड़ जाता है, और वह अपनी संतुलन स्थिति को पुनः पाने के लिए आगे-पीछे हिलने लगती है। जैसे जब हम घंटी बजाते हैं, तो वह आगे-पीछे हिलती है, यही कंपन है। जब हम गिटार का तार छेड़ते हैं, तो वह भी बार-बार ऊपर-नीचे जाता है, यही कंपन है। जब हम बोलते हैं, तो हमारे गले की वोकल कॉर्ड्स भी हिलती हैं, जिससे ध्वनि उत्पन्न होती है।

कंपन ही ध्वनि, तरंगें और ऊर्जा के प्रसार का आधार है। जैसे कंपन से ध्वनि बनती है। विज्ञान में यह भी प्रमाणित है कि कंपन पदार्थ की स्थिति (state) और संरचना को प्रभावित कर सकता है। जैसे माइक्रोवेव ओवन में कंपन के कारण अणु (molecules) गर्म होकर भोजन पकाते हैं। अल्ट्रासोनिक तरंगें कंपन से पत्थर या ट्यूमर तोड़ सकती हैं। ध्वनि तरंगें तरल या रेत पर आकृतियाँ (patterns) बना सकती हैं, इसे Cymatics कहते है। यानी कंपन ऊर्जा के स्तर पर वस्तु की संरचना को प्रभावित करने में सक्षम है।

जब हम बोलते हैं, तो शब्द ध्वनि तरंगें (sound waves) बनाते हैं, यह भी एक प्रकार का कंपन है। जब हम सोचते हैं, तो मस्तिष्क में इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कंपन होते हैं, जिन्हें EEG मशीन से मापा जा सकता है। इन तरंगों का असर आसपास की ऊर्जा या वातावरण पर सूक्ष्म रूप में होता है। यह आधुनिक विज्ञान में भी स्वीकार किया जा चुका है कि vibration energy परिवेश की अवस्था को प्रभावित कर सकती है।

क्वांटम फील्ड थ्योरी कहती है कि ब्रह्मांड में हर जगह Fields फैले हुए हैं, जैसे इलेक्ट्रॉन फील्ड, क्वार्क फील्ड, फोटॉन फील्ड, Higgs फील्ड इत्यादि)। इन फील्ड में जब कंपन्न (vibration) होता है, तो वे vibrations 'कणों' की तरह दिखाई देते हैं। जैसे -- 

इलेक्ट्रॉन = इलेक्ट्रॉन फील्ड की vibration

फोटॉन = इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड की vibration

क्वार्क = क्वार्क फील्ड की vibration

यानी कण कोई ठोस वस्तु नहीं हैं। वे वास्तव में कंपन (vibration modes) हैं।

स्ट्रिंग थ्योरी तो और भी स्पष्ट कहती है। स्ट्रिंग थ्योरी में, कंपन का पैटर्न बदला तो कण बदला। कण बदल गया तो पदार्थ के गुण बदल गए। इसलिए स्ट्रिंग थ्योरी कहती है कि कण असल में कुछ नहीं, केवल कंपन हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post