Shakuntala Dushyant in Mahabharat : शकुंतला और दुष्यंत की प्रेम कहानी

Shakuntala Dushyant in Mahabharat : शकुंतला और दुष्यंत की प्रेम कहानी

महाभारत में वर्णित शकुन्तला और दुष्यंत की कथा, प्रेम, सत्य और धर्म का ऐसा विलक्षण उदाहरण है जिसे कालिदास ने बाद में अभिज्ञानशाकुन्तलम् के रूप में रूपांतरित किया, परंतु मूल कथा उससे कहीं अधिक गंभीर, सरल और सत्य है।

कालिदास की अभिज्ञान शाकुन्तलम् की कथा साहित्यिक सौंदर्य पर आधारित काव्यरचना है। कालिदास ने इसमें भावनाओं, करुणा, और मानवीय संवेदना को अत्यंत मार्मिक रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहानी में दुर्वासा ऋषि के श्राप का प्रसंग जोड़ा ताकि दुष्यंत के भूल जाने को नाटकीय मोड़ मिल सके। यह जोड़ कथा को अधिक नाट्ययोग्य बनाता है, दुख, स्मृति, प्रतीक (राजमुद्रिका) और पुनर्मिलन का सौंदर्य उपजता है। किंतु महाभारत की कथा में सत्य की अंततः विजय और न्याय की पुनर्स्थापना पर बल है।

महाभारत के अनुसार,

ऋषि विश्वामित्र और अप्सरा मेनका की पुत्री शकुन्तला का जन्म हुआ था। जन्म के तुरंत बाद मेनका ने उस बालिका को मालिनी नदी के तट पर छोड़ दिया। उसी समय कुछ शकुन्त पक्षी उस नवजात की रक्षा करने लगे। वहाँ से गुजरते हुए कण्व ऋषि ने यह दृश्य देखा। वे सभी जीवों में करुणा रखने वाले महान ऋषि थे। उन्होंने उस बालिका को अपने आश्रम में ले जाकर पुत्री समान पालन-पोषण किया और उसका नाम रखा शकुन्तला, क्योंकि उसे शकुन्त पक्षियों ने सुरक्षा दी थी।

समय बीता और शकुन्तला एक सुशील, रूपवती और गुणवती कन्या बन गईं। एक दिन पुरुवंशी राजा दुष्यंत, जो इलिल के पुत्र थे, कण्व ऋषि के दर्शन के लिए आश्रम पहुँचे। उस समय कण्व ऋषि आश्रम में नहीं थे, इसलिए उनकी पुत्री शकुन्तला ने अतिथि धर्म निभाते हुए राजा का स्वागत किया।

शकुन्तला की सौंदर्य, सरलता और शील से प्रभावित होकर राजा दुष्यंत उनके प्रति आकृष्ट हो गए। उन्होंने अपना पूर्ण परिचय दिया और विवाह का प्रस्ताव रखा। शकुन्तला ने कहा कि कण्व ऋषि के लौटने तक प्रतीक्षा करनी चाहिए, किंतु दुष्यंत ने कहा कि "तुम भी क्षत्रिय कुल की हो और क्षत्रियों में गान्धर्व विवाह मान्य है। अतः तुम कृपया अपनी इच्छा से मुझे स्वीकार करो।"

शकुन्तला ने उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। दोनों ने गान्धर्व विधि से विवाह किया और कुछ समय तक साथ रहे। विदा होते समय दुष्यंत ने वचन दिया कि वे शीघ्र ही उन्हें राजमहल ले जाने आएंगे।

कण्व ऋषि लौटे तो अपनी दिव्य दृष्टि से सब जान गए। उन्होंने शकुन्तला को आशीर्वाद दिया और कहा कि यह विवाह धर्मसम्मत है। कुछ समय बाद शकुन्तला ने एक तेजस्वी पुत्र को जन्म दिया, जो बाल्यावस्था से ही अद्भुत पराक्रमी था। सभी वन्य पशु उनके नियंत्रण में थे, इसलिए ऋषियों ने उसका नाम रखा सर्वदमन।

कई वर्ष बीत गए, परंतु राजा दुष्यंत न तो स्वयं आए, न ही कोई संदेश भेजा। शकुन्तला की चिंता बढ़ती गई। तब कण्व ऋषि ने अपने कुछ शिष्यों के साथ शकुन्तला और बालक सर्वदमन को राजा दुष्यंत के दरबार में भेजा। कण्व ऋषि ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से उन्हें आशीर्वाद दिया और कहा कि सत्य और धर्म की रक्षा करना।

दरबार में पहुँचकर शकुन्तला ने अपने और अपने पुत्र का परिचय दिया और कहा कि यह बालक आपका पुत्र है, इसे युवराज घोषित करें। परन्तु राजा दुष्यंत ने सबके सामने शकुन्तला को पहचानने से इनकार कर दिया और उन्हें चरित्रहीन तक कह दिया।

शकुन्तला का क्रोध और आघात शब्दों में समा नहीं सका। उनकी आँखें अग्नि के समान लाल हो गईं, किंतु अपने तपोबल को उन्होंने संयमित रखा। उन्होंने सभा में खड़े होकर कहा,

"हे राजा! यदि आपको सत्य पर विश्वास नहीं है और झूठ में ही आसक्ति है, तो मैं आपके साथ रहना भी नहीं चाहती। किंतु स्मरण रखना, मेरा पुत्र आपके बिना भी समूची पृथ्वी पर शासन करेगा। देवराज इंद्र का वचन है कि वह चक्रवर्ती सम्राट बनेगा।"

यह कहकर जैसे ही शकुन्तला वहां से जाने लगीं, तभी आकाशवाणी हुई, "राजन्! शकुन्तला सत्य कह रही है, तुम्हें उसका सम्मान करना चाहिए।"

देवता और ऋषिगण प्रकट हुए और शकुन्तला पर पुष्पवृष्टि करने लगे। यह देखकर राजा दुष्यंत ने विनम्र होकर कहा, "हे शकुन्तले! मैं तुम्हें भूल नहीं गया था। मैंने यह सब इसलिए कहा ताकि देवगण स्वयं तुम्हारी पवित्रता का प्रमाण दें। यदि मैं तत्काल स्वीकार कर लेता, तो प्रजा हमारे धर्म और मर्यादा पर संदेह करती, और हमारे पुत्र को भी स्वीकार नहीं करती।"

अब राजा दुष्यंत ने शकुन्तला का आदरपूर्वक स्वागत किया और पुत्र सर्वदमन को युवराज घोषित किया। यही बालक आगे चलकर चक्रवर्ती सम्राट भरत कहलाया। भरत के नाम पर ही यह सम्पूर्ण भूमि भारतवर्ष कहलाई।

शकुन्तला की कथा केवल प्रेम की नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और स्त्री के आत्मसम्मान की कथा है। राजा दुष्यंत ने एक पति के रूप में कर्तव्य और मर्यादा निभाई, और शकुन्तला ने साहस और सत्य के बल पर अपनी पवित्रता सिद्ध की। और उनके पुत्र भरत ने धर्मराज्य की स्थापना करके भारतभूमि को अपना नाम दिया।

Note : Permission to copy this article has not been granted by the author.

Click here 

Post a Comment

Previous Post Next Post