Sita ji ki Gauri Pujan : गौरी माता की स्तुति : जय जय गिरिबरराज किसोरी...

Gauri Mata ki stuti - Jai Jai Giriraj Kishori - Sita ji ki Gauri puja - Gauri poojan Ramcharitmanas Balkand

Prinsli.com : Sita ji ki Gauri Pujan Ramcharitmanas
Prinsli.com : Sita ji ki Gauri Pujan Ramcharitmanas

यहां माँ गौरी जी की जो स्तुति दी गई है, वह श्रीरामचरितमानस में वर्णित है, जब सीता जी ने भगवान् श्रीराम जी को अपने पति रूप में पाने के लिए माँ गौरी जी से प्रार्थना की थी। जब सीता जी ने पुष्पवाटिका में श्रीराम जी को पहली बार देखा, उन्हें उनसे प्रेम हो गया। लेकिन उन्होंने अपने मन की बात किसी को नहीं बताई। वो सीधे माता गौरी जी के पास पहुंची और अपने मन की सारी मन ही मन बात उन्हीं से कह डाली।

सीता जी ने गौरी जी की उपासना करके अपने लिए श्रीराम को ही वर के रूप में देने की प्रार्थना की। यह प्रसंग भक्ति, श्रद्धा और स्त्री की पवित्र भावना का अद्भुत चित्रण है। यह प्रसंग केवल पूजा का वर्णन नहीं है, बल्कि आगे होने वाले सीता-राम मिलन की नींव है।

इस प्रसंग में एक कन्या के जीवन का वह भावुक पक्ष है, जब वह अपने विवाह से पहले देवी से उत्तम वर की कामना करती है। यहाँ स्त्री के कोमल हृदय और पवित्र संकल्प का सुंदर चित्रण है। विवाह का समय हर कन्या के जीवन में भावुक और निर्णायक होता है। सीता जी का मन यहाँ केवल सांसारिक सुख की चाह नहीं करता, बल्कि वो धर्म, मर्यादा और आदर्श के स्वरूप को ही पति रूप में चाहती हैं। इसलिए उनकी प्रार्थना श्री राम के लिए ही है, क्योंकि श्री राम धर्म के मूर्त स्वरूप हैं।

स्त्री को अपना जीवन सुगंधित करने के लिए आत्मिक शक्ति और आशीर्वाद की आवश्यकता होती है। यह स्त्री-जीवन में देवी के महत्व को स्पष्ट करता है कि स्त्री जब स्त्री-शक्ति को स्मरण करती है तो उसे सामर्थ्य, संरक्षण और मर्यादा प्राप्त होती है।

सखियाँ गीत गाती हैं, हँसी-खुशी सीता जी का साथ देती हैं। इससे स्त्री समाज का सौम्य, मधुर और आपसी स्नेह से भरा वातावरण झलकता है। यह लोक जीवन और आनंद की झलक भी है। सखियों का संग, गीत-गान और आनंद, यह भारतीय विवाह-परंपरा का भावनात्मक रूप है। यह केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक प्रसन्नता और सनातनी सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है।

गौरी माता ही संपूर्ण स्त्री-शक्ति की प्रतीक हैं। सीता जी ने उसी शक्ति की शरण लेकर अपना भविष्य संवारा। यह प्रसंग सीता जी की पवित्रता, स्त्री-सौंदर्य, भक्ति और देवी-शक्ति के प्रति श्रद्धा को उजागर करता है। इसमें स्त्रियों का भावुक, मधुर और संस्कारित रूप सामने आता है, और साथ ही यह शिक्षा भी कि हर कार्य की सफलता का आधार भक्ति और श्रद्धा है। हर महत्वपूर्ण कार्य से पहले देवी-देवता की आराधना आवश्यक है।

भक्ति केवल पूजा नहीं है, बल्कि जीवन के प्रत्येक कदम पर ईश्वरीय मार्गदर्शन स्वीकार करना है। यह दृश्य केवल एक पूजा-विधान नहीं है, बल्कि सीता-राम मिलन की दिव्य नींव है, जो आगे चलकर रामायण की मुख्य धारा को गति देता है।

।। जय माता की ।।

जय जय गिरिबरराज किसोरी।

जय महेस मुख चंद चकोरी॥

जय गजबदन षडानन माता।

जगत जननि दामिनि दुति गाता॥

अर्थ- हे श्रेष्ठ पर्वतों के राजा हिमाचल की पुत्री पार्वती! आपकी जय हो, जय हो! हे महादेवजी के मुख रूपी चंद्रमा की (ओर टकटकी लगाकर देखने वाली) चकोरी! आपकी जय हो, हे हाथी के मुख वाले गणेशजी और छह मुख वाले स्वामी कार्तिकजी की माता! हे जगत जननी! हे बिजली की सी कान्तियुक्त शरीर वाली! आपकी जय हो!

नहिं तव आदि मध्य अवसाना।

अमित प्रभाउ बेदु नहिं जाना॥

भव भव बिभव पराभव कारिनि।

बिस्व बिमोहनि स्वबस बिहारिनि॥

अर्थ- आपका न आदि है, न मध्य है और न अंत है. आपके असीम प्रभाव को वेद भी नहीं जानते. आप संसार को उत्पन्न, पालन और नाश करने वाली हैं. आप विश्व को मोहित करने वाली और स्वतंत्र रूप से विहार करने वाली हैं.

दोहा - पतिदेवता सुतीय महुँ मातु प्रथम तव रेख।

महिमा अमित न सकहिं कहि सहस सारदा सेष॥

अर्थ- पति को इष्टदेव मानने वाली श्रेष्ठ नारियों में हे माता! आपकी प्रथम गणना है. आपकी अपार महिमा को हजारों सरस्वती और शेषजी भी नहीं कह सकते.

सेवत तोहि सुलभ फल चारी।

बरदायनी पुरारि पिआरी॥

देबि पूजि पद कमल तुम्हारे।

सुर नर मुनि सब होहिं सुखारे॥

अर्थ- हे (भक्तों को मुंहमांगा) वर देने वाली! हे त्रिपुर के शत्रु भगवान् शिवजी की प्रिय पत्नी! आपकी सेवा करने से चारों फल सुलभ हो जाते हैं। हे देवी! आपके चरण कमलों की पूजा करके देवता, मनुष्य और मुनि सभी सुखी हो जाते हैं.

मोर मनोरथु जानहु नीकें।

बसहु सदा उर पुर सबही कें॥

कीन्हेउँ प्रगट न कारन तेहीं।

अस कहि चरन गहे बैदेहीं॥

अर्थ- मेरे मनोरथ को आप भलीभांति जानती हैं, क्योंकि आप सदा सबके हृदय रूपी नगरी में निवास करती हैं. इसी कारण मैंने उसको प्रकट नहीं किया.

ऐसा कहकर जानकीजी ने मां गौरी के चरण पकड़ लिये.

सीता जी के मधुर स्वर और उनकी करुण पुकार सुनकर माता गौरी जी अति प्रसन्न हो गईं. उन्होंने अपने आशीर्वाद के रूप में अपने गले की पुष्पमाला सीता जी के गले में डाल दी और सीता जी से कहा-

बिनय प्रेम बस भई भवानी।

खसी माल मूरति मुसुकानी॥

सादर सियँ प्रसादु सिर धरेऊ।

बोली गौरि हरषु हियँ भरेऊ॥

अर्थ- गिरिजाजी सीताजी के विनय और प्रेम के वश में हो गईं. उन (के गले) की माला खिसक पड़ी और मूर्ति मुस्कुराई. सीताजी ने आदरपूर्वक उस प्रसाद (माला) को सिर पर धारण किया. गौरीजी का हृदय हर्ष से भर गया और वे बोलीं-

सुनु सिय सत्य असीस हमारी।

पूजिहि मन कामना तुम्हारी॥

नारद बचन सदा सुचि साचा।

सो बरु मिलिहि जाहिं मनु राचा॥

अर्थ- हे सीता! हमारी सच्ची आसीस सुनो, तुम्हारी मनःकामना पूरी होगी. नारदजी का वचन सदा पवित्र (संशय, भ्रम आदि दोषों से रहित) और सत्य है. जिसमें तुम्हारा मन अनुरक्त हो गया है, वही वर तुमको मिलेगा.

छन्द -

मनु जाहिं राचेउ मिलिहि सो बरु सहज सुंदर साँवरो।

करुना निधान सुजान सीलु सनेहु जानत रावरो॥

एहि भाँति गौरि असीस सुनि सिय सहित हियँ हरषीं अली।

तुलसी भवानिहि पूजि पुनि पुनि मुदित मन मंदिर चली॥

अर्थ- जिसमें तुम्हारा मन अनुरक्त हो गया है, वही स्वभाव से ही सुंदर सांवला वर (श्री रामचन्द्रजी) तुमको मिलेगा. श्रीराम करुणा के निधान और सुजान (सर्वज्ञ) हैं, तुम्हारे शील और स्नेह को भलीभांति जानते हैं. 

इस प्रकार श्री गौरीजी का आशीर्वाद सुनकर जानकीजी समेत सभी सखियाँ हृदय में हर्षित हुईं. 

तुलसीदासजी कहते हैं- भवानीजी को बार-बार पूजकर सीताजी प्रसन्न मन से राजमहल को लौट चलीं.

सोरठा- जानि गौरि अनुकूल सिय हिय हरषु न जाइ कहि।

मंजुल मंगल मूल बाम अंग फरकन लगे॥

अर्थ- गौरीजी को अनुकूल जानकर सीताजी के हृदय को जो हर्ष हुआ, वह कहा नहीं जा सकता. सुंदर मंगलों के मूल उनके बाएं अंग फड़कने लगे.

।। जय गौरी माता।।

*************************************

Tags : jai jai girivar raj kishori, jai jai giribar raj kisori, Jai gauri mata, gauri mata ki stuti, gauri poojan, parvati pujan, parvati ji ki stuti, Sita ji ka parvati pujan, sira ji ki gauri pujan, ramcharitmanas Balkand gauri aarti, jai mata ki

Post a Comment

Previous Post Next Post