What kind of boys do girls like : लड़कियां कैसे लड़कों को पसंद करती हैं
![]() |
| AI से निर्मित Image |
अच्छी लड़कियां वास्तव में कैसे लड़कों को पसंद करती हैं। और आज अच्छी लड़कियां शादी से दूर क्यों भाग रही हैं?
लड़कियां ऐसे लड़कों को पसंद करती हैं, जो लड़कियों के पीछे न पड़े रहते हों। लड़कियां ऐसे पुरुषों के सामने स्वयं ही झुक जाती हैं, जो लड़कियों को अपने सामने कभी झुकाना न चाहते हों।
अच्छी लड़कियां कभी ऐसे लड़कों को पसंद नहीं करतीं जो मक्खी मच्छरों की तरह लड़कियों के आगे पीछे घूमते रहते हों, या जबरन दोस्ती करने या बात करने का बहाना ढूंढते हों, क्योंकि ऐसे लड़कों के साथ लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पातीं।
लड़कियों को ऐसे लड़के पसंद नहीं आते जो दूसरों को भर भरकर गालियां देने को ही बल और ताकत समझते हों।
लड़कियों को ऐसे लड़के पसंद आते हैं जो खुशमिजाज हों, खुश रहना और खुश रखना दोनों ही जानते हों, विनम्र हों, अपने माता पिता के साथ-साथ, लड़कियों का और उसके माता-पिता का भी सम्मान करते हों, ताकतवर हों, लेकिन दयालु और करुणामय भी हों, यानी इस बात की समझ रखते हों कि अपने बल का प्रयोग कहां किया जाना चाहिए और कहां नहीं। वे लड़कियों को अपने बल प्रयोग की वस्तु न समझते हों। जिसे अपने देश से प्यार हो। जो सही गलत और अच्छे बुरे में फर्क करना जानता हो। जो स्वच्छता, साफ सफाई से रहना पसंद करते हों, जो खुद को प्रेजेंट करना अच्छी तरह जानते हों, जो निंदा में या डींगे हांकने में नहीं, बल्कि खुद कुछ कर दिखाने में यकीन रखते हों, जो आलसी न हों, जो अपने चरित्र की शुद्धता के लिए लड़कियों के चरित्र पर निर्भर न हों। जो हर खूबसूरत लड़की पर आकर्षित न हो जाते हों। लेकिन जब कोई लड़की बात करने की कोशिश करे, तो उसे समझते हों, ना कि उसका फायदा उठाते हों। जो अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझते हों।
लोग बॉलीवुड से बहुत तरह की गलत शिक्षा तो लेते हैं, लेकिन सही शिक्षा लेना पसंद नहीं करते।
अपने "कृष" मूवी देखी है? उसमें कृष सोनिया को बहुत पसंद करता है। सोनिया उसकी इसी बात का फायदा उठाकर उसे सिंगापुर बुला लेती है ताकि उसकी शक्तियों का फायदा उठाकर पैसा कमाया जा सके। बाद में कृष को सोनिया की सच्चाई जानकर बहुत दुख होता है। लेकिन वह इतना अधिक ताकतवर होते हुए भी सोनिया के साथ कुछ गलत करने की नहीं सोचता। वह चुपचाप वहां से जाने लगता है। हालांकि वह सोनिया से बहुत नाराज था, क्योंकि सोनिया ने उसे इतना बड़ा धोखा दिया था, लेकिन फिर भी वह सोनिया को बचाता है। आमतौर पर, जो सच में ताकतवर होते हैं, वो लड़कियों पर या निरपराध जीवों, निरपराध पशु-पक्षियों पर अपना बल प्रयोग करना अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। वे किसी एक धोखेबाज व्यक्ति के पीछे अपनी पूरी लाइफ का कबाड़ा करने में विश्वास नहीं रखते, क्योंकि ऐसे लोगों के पास करने के लिए बहुत काम होते हैं।
आपने "शक्तिमान" सीरियल देखा है? वह बहुत ताकतवर और शक्तिशाली दिखाया गया है। लेकिन अपनी ताकत का इस्तेमाल महिलाओं को, बच्चों को, अच्छे लोगों को बचाने में करता है, न कि मांसाहार करने, लड़कियों को सताने और अपनी इच्छाओं की पूर्ति में। वह लड़कियों की बहुत रिस्पेक्ट करता है, बड़ों का आदर करता है। इतना ताकतवर होते हुए भी कोई गाली नहीं देता, कोई फूहड़ डायलॉग नहीं बोलता। सात्विक सनातनी जीवन जीता है। इसीलिए वह सबका प्यारा सुपरहीरो बन जाता है।
"विवाह" मूवी के प्रेम की तो बात ही अलग है। पूनम का शरीर पूरा जल जाता है लेकिन फिर भी प्रेम उसी से शादी करता है, क्योंकि प्रेम ने पूनम से ही प्यार किया था, उसके शरीर से नहीं। सच्चे सनातनी लोग जानते हैं कि हिंदू सनातन धर्म में विवाह कोई समझौता नहीं है, भोग का साधन नहीं है। यह संयमी जीवन की परीक्षा है। हमारे यहां विवाह एक पूजा है, एक जिम्मेदारी है, दो परिवारों का मिलन है, इसलिए दोनों परिवारों को एक दूसरे के सुख दुख का ध्यान रखना चाहिए।
आपने "हीरो नंबर वन" मूवी देखी है? उसमें राज जब तक मीना के पीछे पड़ा रहा, तब तक मीना उससे दूर भागती रही (भले ही मीना समझ रही थी कि राज एक बहुत बड़े घर का लड़का है)। लेकिन जैसे ही वह नाराज होकर चला गया तो मीना उसके पीछे पड़ गई। भले ही वह मीना से नाराजगी दिखाता है, लेकिन जब मीना गुंडों के बीच फंस जाती है तो वह उसे तुरंत बचाने आता है, लेकिन बदले में एहसान नहीं जाताता। तब मीना खुश होकर कहती है, "वाह मेरे हीरो"। बाद में राज मीना के घर में भी सब परेशानियों को दूर कर देता है, सब ठीक कर देता है।
आपने "हद कर दी आपने" मूवी देखी है? उसमें भी राज जब तक रानी के पीछे पड़ा रहता है, तब तक रानी उसे पूछती नहीं, उससे दूर भागती है। लेकिन जैसे ही राज उससे दूर भगाने की एक्टिंग करता है, रानी उसके पास आने लगती है। उसमें भी राज को बाद में ऐसा लगता है कि रानी ने उसे धोखा दिया, लेकिन फिर भी वह उसे होटल में गुंडो से बचाता है, और उसके बाद वह फिर उसे दूर चला जाता है, न उसका कोई फायदा उठाता है और न ही उस पर कोई एहसान जताता है।
अपने "कहो ना प्यार है" मूवी देखी है? उसमें रोहित भले ही एक अमीर लड़का नहीं दिखाया जाता, गरीब दिखाया जाता है, लेकिन सोनिया उसके अच्छे गाने के के गुण, क्वालिटी, उसकी अच्छाई, उसकी विनम्रता और उसकी आगे बढ़ाने की चाहत और उसके लिए सही तरीके से कोशिश करने की हिम्मत पर आकर्षित हो जाती है।
हालांकि रोहित की मृत्यु हो जाती है। और सोनिया को उसी का हमशक्ल राज मिलता है। राज उससे बहुत प्यार करता है लेकिन सोनिया उसके प्यार को स्वीकार नहीं करती। तब राज उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं करता। वह जानता है कि सोनिया उसे पसंद नहीं करती, फिर भी वह सोनिया की पूरी हेल्प करता है, वह सोनिया को सब बुरे लोगों से बचाता है, लेकिन फिर भी कोई एहसान नहीं जताता, कोई अधिकार नहीं जताता। वह हेल्प करके वापस जाने लगता है। तब सोनिया ही उसकी तरफ आकर्षित हो जाती है, क्योंकि वह उसकी अच्छाइयों को पूरी तरह परख लेती है। वह उसके साथ खुद को सुरक्षित महसूस करती है।
आपने "जब भी मेट" मूवी देखी है? उसमें गीत देखती है कि आदित्य एक परेशान लड़का है। उसे लड़कियों से कोई मतलब ही नहीं है। गीत उसके साथ खुद को सुरक्षित महसूस करती है। वह उसी के साथ घर जाना चाहती है क्योंकि वह जानती है कि वह ऐसा लड़का नहीं है जो उसका फायदा उठाएगा या उसके साथ कुछ गलत करेगा। धीरे-धीरे आदित्य भी जीना सीख जाता है और वह गीत को पसंद करने लगता है। और तब वह गीत की पूरी मदद करता है, लेकिन कोई एहसान नहीं जाताता।
कुल मिलाकर लड़कियों को ऐसे लड़के पसंद आते हैं जो लड़कियों के पीछे ना भागते हों, लेकिन लड़कियों की रिस्पेक्ट करते हों, जो विनम्र होते हों, जो शक्तिशाली और ताकतवर होते हों, लेकिन लड़कियों को अपनी ताकत के इस्तेमाल की वस्तु ना समझते हों। जो लड़कियों को भोग्या ना समझते हों। जिनके लिए विवाह/शादी का अर्थ अपनी यौन इच्छा की पूर्ति नहीं, बल्कि संयमी जीवन हो। जो यह बात भी समझते हों कि लड़कियों को भी सुंदर और साफ-सुथरे तरीके से रहने वाले लड़के पसंद आते हैं। जो लड़कियों की मदद करने के बाद उन पर कोई एहसान या अधिकार न जताते हों। ऐसे लड़कों के साथ लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं।
अगर हम धार्मिक आधार पर भी देखें, तो रुक्मिणी जी ने श्रीकृष्ण को बिना देखे ही पसंद कर लिया था, क्योंकि लोग उन्हें श्रीकृष्ण के जो गुण बताते थे, एक लड़की अपने पति में वही सारे गुण देखना पसंद करती है। सौंदर्य, स्वच्छता, अच्छे बुरे सही गलत का ज्ञान, लड़कियों की रिस्पेक्ट, शक्ति ताकत, जिससे दुश्मन डरते हों, लेकिन साथ में निरपराधों के लिए करुणा दया, कि जब वो आसपास हो तो मनुष्य हो या कोई भी प्राणी, वह खुद को सुरक्षित महसूस करता हो... आदि। श्रीकृष्ण का हर विवाह, सभी स्त्रियों के निवेदन के कारण हुआ है। उन सभी स्त्रियों ने श्रीकृष्ण को ही पति रूप में प्राप्त करने के लिए श्रीकृष्ण से प्रार्थना की थी।
श्रीराम ने तो अपने जीवन में सब प्रकार की स्त्रियों को देखा, और हर प्रकार की स्त्री का उनके जीवन पर प्रत्यक्ष प्रभाव भी पड़ा। एक स्त्री के कारण ही उन्हें 14 वर्ष का वनवास भोगना पड़ा, लेकिन फिर भी पूरी रामायण में श्री राम ने कभी किसी स्त्री की निंदा नहीं की, क्योंकि श्री राम स्त्रियों की निंदा में नहीं, केवल स्वयं को सही और मर्यादित रखने में ही विश्वास रखते हैं।
महाभारत में भीम के सौंदर्य, बल, पराक्रम और अच्छाइयों पर मुग्ध होकर एक राक्षसी भी राक्षसत्व को छोड़कर शुद्ध, सात्विक कन्या बनकर रहने लगी थी।
अब आज ऐसे लड़के मिलते ही नहीं। आज ऐसे लड़के या तो कुछ चुनिंदा फिल्मों में मिलते हैं या पौराणिक कथाओं में या कहानियों में, लेकिन रियल में नहीं मिलते। आज तो फिल्मों में रावण जैसे लम्पट और रेपि++स्ट का भी महिमामंडन किया जा रहा है। जबकि सबको मालूम है कि कोई भी लड़की ऐसे पुरुष को कभी पसंद नहीं कर सकती, जो अपनी अच्छी पत्नी के होते हुए भी दूसरी लड़कियों पर बुरी नजर डालता रहता हो, जो पत्नी की एक भी बात नहीं सुनता हो, चाहे पत्नी गिड़गिड़ा गिड़गिड़ाकर थक जाए। पत्नी कोई भी सही बात समझाये, और पति उसे डरपोक, कायर कहकर डांटकर चुप करा दे।
लेकिन आज अधिकतर लड़कियों को रावण जैसे पति ही मिल रहे हैं। और इसीलिए आज अधिकतर अच्छी लड़कियां शादी ही नहीं करना चाहतीं। सपने तो बहुत देखती हैं कि शायद अच्छा मिलेगा, जीवन अच्छा होगा, लेकिन उन्हें बाद में पता चलता है कि उनका जीवन केवल एक समझौता बनकर रह गया है, क्योंकि उन्हें जो चाहिए था, वो तो मिला नहीं। जो मिल गया, उसे छोड़ नहीं सकती, नहीं तो समाज लड़कियों के चरित्र पर ही सवाल उठाएगा। वह यह सोचेगा ही नहीं कि उस लड़की ने कर्तव्यों के नाम पर कितना सहा है।
आज तो अगर लड़कियां अपनी केवल परेशानियों पर भी बात करती हैं, तो उन्हें फेमिनिस्ट कहकर उनका विरोध कर दिया जाता है। हर लड़की फेमिनिस्ट नहीं होती, उसके आवाज उठाने का अर्थ यही नहीं है कि वो पुरुषों का विरोध कर रही है। अरे वो अपनी परेशानी बता रही है, वो ये बता रही है कि उसे कौन सी चीजें कष्ट पहुंचा रही हैं, कौन सी चीजें हर्ट कर रही हैं, लेकिन उस पर भी बस उसे फेमिनिस्ट कहकर अपनी सारी जिम्मेदारियों पर पर्दा डाल दिया जाता है, और इसीलिए तो आज कुछ भी ठीक नहीं हो पा रहा।
आज बहुत लोग गलत मानसिकता, अपराध और दूसरों को कष्ट देना इतना नॉर्मली लेने लगे हैं, कि उन्हें कोई भी सही बात समझ ही नहीं आती।
साभार : Mann Prinsli (Click here)




Post a Comment