Saraswati Stotram Stuti Lyrics (With Hindi Arth) : सरस्वती स्तोत्र स्तुति

श्रीसरस्वतीस्तोत्रम् (Saraswati Stotram Lyrics) कोई साधारण स्तोत्र नहीं है, बल्कि ज्ञान, वाणी, बुद्धि और आध्यात्मिक प्रकाश की देवी सरस्वती जी की पूर्ण स्तुति है। यह स्तोत्र देवी सरस्वती से विनम्र प्रार्थना है कि
"हे ज्ञानस्वरूपा माँ! हमारे मन से अज्ञान का अंधकार मिटाकर, ज्ञान बुद्धि की ज्योति जगाओ।"
स्तोत्र में देवी को केवल पुस्तक और वीणा वाली देवी नहीं, बल्कि ब्रह्मविद्या स्वरूपिणी चेतना के रूप में बताया गया है। यह स्तोत्र विशेष रूप से वाणी के दोष, तर्क की अस्पष्टता और भ्रम को दूर करने में सहायक माना जाता है। इसमें संस्कृत ध्वनि-लय इतनी मधुर है कि इसका उच्चारण स्वयं में ध्यान बन जाता है। श्वेत वर्ण, कमल, वीणा, ये सब सत्वगुण और मन की निर्मलता का प्रतीक हैं। इस स्तोत्र के नियमित पाठ से कंठचक्र (वाणी केंद्र) और आज्ञाचक्र (विवेक केंद्र) सक्रिय होते हैं।
सरस्वती शब्द सरस् + वती से बना है, जो चेतना के प्रवाह को वहन करती है। जब मन में विचारों की धारा निर्मल होती है, तब भीतर 'सरस्वती' प्रकट होती हैं। यह स्तोत्र हमें यह भी सिखाता है कि ज्ञान ही सच्चा धन है, और वाणी ही साधना का माध्यम।
सरस्वती ही सृष्टि की मूल चेतना हैं, बिना उनके कोई कर्म संभव नहीं। सरस्वती वह शक्ति हैं जो ज्ञान की धारा बहाती हैं और अज्ञान के अंधकार को हरती हैं। सरस्वती केवल विद्या ही नहीं, वाणी में माधुर्य और विचारों में प्रकाश भरती हैं। सरस्वती केवल ज्ञान नहीं देतीं, बल्कि विवेक (सही-गलत पहचानने की बुद्धि) भी देती हैं। ज्ञान केवल सांसारिक सफलता नहीं देता, बल्कि अभय और निर्भयता भी देता है। विद्या केवल पुस्तक-ज्ञान नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन में संतुलन, स्थिरता, और तेज का संगम है।
श्रीसरस्वतीस्तोत्रम्
या कुन्देन्दुतुषारहारधवला या शुभ्रवस्त्रावृता या वीणावरदण्डमण्डितकरा या श्वेतपद्मासना।
या ब्रह्माच्युतशङ्करप्रभृतिभिर्देवैः सदा वन्दिता सा मां पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा॥१॥
आशासु राशीभवदङ्गवल्ली-भासैव दासीकृतदुग्धसिन्धुम्।
मन्दस्मितैर्निन्दितशारदेन्दुं वन्देऽरविन्दासनसुन्दरि त्वाम्॥२॥
शारदा शारदाम्भोजवदना वदनाम्बुजे।
सर्वदा सर्वदास्माकं सन्निधिं सन्निधिं क्रियात्॥३॥
सरस्वतीं च तां नौमि वागधिष्ठातृदेवताम्।
देवत्वं प्रतिपद्यन्ते यदनुग्रहतो जनाः॥४॥
पातु नो निकषग्रावा मतिहेम्नः सरस्वती।
प्राज्ञेतरपरिच्छेदं वचसैव करोति या॥५॥
जो कुन्द के फूल, चन्द्रमा, बर्फ और हार के समान श्वेत हैं, जो शुभ्र वस्त्र धारण करती हैं, जिनके हाथ उत्तम वीणा से सुशोभित हैं, जो श्वेत कमलासन पर विराजमान हैं, ब्रह्मा, विष्णु, महेश आदि देव जिनकी सदा स्तुति करते हैं और जो सब प्रकार की जड़ता हर लेती हैं, वे भगवती सरस्वती मेरा पालन करें॥ हे कमल पर विराजमान सुन्दर रूप वाली सरस्वति देवी! आप सब दिशाओं में पुञ्जीभूत हुई अपनी देह लता की आभा से ही क्षीर-समुद्र को दास बनाने वाली और मन्द मुसकान से शरदऋतु के चन्द्रमा को तिरस्कृत करने वाली हो, मैं आपको प्रणाम करता हूँ॥ शरत्काल में उत्पन्न कमल के समान मुखवाली और सब मनोरथों को देने वाली शारदा सब सम्पत्तियों के साथ मेरे मुख में सदा निवास करें॥ उन वचन की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती को प्रणाम करता हूँ, जिनकी कृपा से मनुष्य देवता बन जाता है॥ बुद्धिरूपी सोने के लिये कसौटी के समान सरस्वती जी, जो केवल वचन से ही विद्वान् और मूर्ख की परीक्षा कर देती हैं, हम लोगों का पालन करें॥
शुक्लां ब्रह्मविचारसारपरमामाद्यां जगद्व्यापिनीं वीणापुस्तकधारिणीमभयदां जाड्यान्धकारापहाम्।
हस्ते स्फाटिकमालिकां च दधतीं पद्मासने संस्थितां वन्दे तां परमेश्वरीं भगवतीं बुद्धिप्रदां शारदाम्॥६॥
वीणाधरे विपुलमङ्गलदानशीले भक्तार्तिनाशिनि विरञ्चिहरीशवन्द्ये।
कीर्तिप्रदेऽखिलमनोरथदे महार्हे विद्याप्रदायिनि सरस्वति नौमि नित्यम्॥७॥
श्वेताब्जपूर्णविमलासनसंस्थिते हे श्वेताम्बरावृतमनोहरमञ्जुगात्रे।
उद्यन्मनोज्ञसितपङ्कजमञ्जुलास्ये विद्याप्रदायिनि सरस्वति नौमि नित्यम्॥८॥
जिनका रूप श्वेत है, जो ब्रह्मविचार की परम तत्त्व हैं, जिनका सब संसार में विस्तार हो रहा है, जो हाथों में वीणा और पुस्तक धारण किये रहती हैं, जो अभय देती है, मूर्खतारूपी अन्धकार को दूर करती हैं, हाथ में स्फटिकमणि की माला धारण करती हैं, कमल के आसन पर विराजमान होती हैं और बुद्धि देने वाली हैं, उन आद्या परमेश्वरी भगवती सरस्वती की वन्दना करता हूँ॥ हे वीणा धारण करने वाली, अपार मङ्गल देने वाली, भक्तों के दुःख छुड़ाने वाली, ब्रह्मा, विष्णु और शिव से वन्दित होने वाली, कीर्ति तथा मनोरथ देने वाली, पूज्यवरा और विद्या देने वाली सरस्वति! आपको नित्य प्रणाम करता हूँ॥ हे श्वेत कमलों से भरे हुए निर्मल आसन पर विराजने वाली, श्वेत वस्त्रों से ढके सुन्दर शरीर वाली, खुले हुए सुन्दर श्वेत कमल के समान मञ्जुल मुख वाली और विद्या देने वाली सरस्वति! आपको नित्य प्रणाम करता हूँ!॥८॥
मातस्त्वदीयपदपङ्कजभक्तियुक्ता ये त्वां भजन्ति निखिलानपरान्विहाय।
ते निर्जरत्वमिह यान्ति कलेवरेण भूवह्निवायुगगनाम्बुविनिर्मितेन॥९॥
मोह्यन्धकारभरिते हृदये मदीये मातः सदैव कुरु वासमुदारभावे।
स्वीयाखिलावयवनिर्मलसुप्रभाभिः शीघ्रं विनाशय मनोगतमन्धकारम्॥१०॥
ब्रह्मा जगत् सृजति पालयतीन्दिरेशः शम्भुर्विनाशयति देवि तव प्रभावैः।
न स्यात्कृपा यदि तव प्रकटप्रभावे न स्युः कथञ्चिदपि ते निजकार्यदक्षाः॥११॥
हे मातः! जो (मनुष्य) आपके चरण-कमलों में भक्ति रखकर और सब देवताओं को छोड़कर आपका भजन करते हैं, वे पृथ्वी, अग्नि, वायु, आकाश और जल- इन पाँच तत्त्वों के बने शरीर से ही देवता बन जाते हैं॥ हे उदार बुद्धि वाली माँ! मोहरूपी अन्धकार से भरे मेरे हृदय में सदा निवास करो और अपने सब अङ्गों की निर्मल कान्ति से मेरे मन के अन्धकार का शीघ्र नाश करो॥ हे देवि! आपके ही प्रभाव से ब्रह्मा जी जगत् को बनाते हैं, विष्णु पालते हैं और शिव विनाश करते हैं; हे प्रकट प्रभावशाली! यदि इन तीनों पर आपकी कृपा न हो, तो वे किसी प्रकार अपना कार्य नहीं कर सकते॥
लक्ष्मीर्मेधा धरा पुष्टिगौरी तुष्टिः प्रभा धृतिः।
एताभिः पाहि तनुभिरष्टाभिर्मां सरस्वति॥१२॥
सरस्वत्यै नमो नित्यं भद्रकाल्यै नमो नमः। वेदवेदान्तवेदाङ्गविद्यास्थानेभ्य एव च॥१३॥
सरस्वति महाभागे विद्ये कमललोचने।
विद्यारूपे विशालाक्षि विद्यां देहि नमोऽस्तु ते॥१४॥
यदक्षरं पदं भ्रष्टं मात्राहीनं च यद्भवेत्।
तत्सर्वं क्षम्यतां देवि प्रसीद परमेश्वरि॥१५॥
इति श्रीसरस्वतीस्तोत्रं सम्पूर्णम्।
हे सरस्वति! लक्ष्मी, मेधा, धरा, पुष्टि, गौरी, तुष्टि, प्रभा, धृति- इन आठ मूर्तियों से (इन आठ रूपों में) मेरी रक्षा करो॥ सरस्वती को नित्य नमस्कार है, भद्रकाली को नमस्कार है और वेद, वेदान्त, वेदाङ्ग तथा विद्याओं के स्थानों को प्रणाम है॥ हे महाभाग्यवती ज्ञानस्वरूपा कमल के समान विशाल नेत्रवाली, ज्ञानदात्री सरस्वति! मुझको विद्या दो, मैं आपको प्रणाम करता हूँ॥ हे देवि! जो अक्षर, पद अथवा मात्रा छूट गयी हो, उसके लिये क्षमा करो और हे परमेश्वरि! हम पर सदा प्रसन्न रहो॥
॥जय मां सरस्वती॥
*******************************
जब अपनी ही पुत्री पर काममोहित हो गए ब्रह्मा जी ....
Read Also
Post a Comment